पटना

Khelo India Youth Games 2025 की मेजबानी करेगा बिहार, 6 शहरों में 28 गेम्स का होगा आयोजन, दो वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने को तैयार

बिहार इस साल पहली बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेजबानी करने वाला है। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि राजधानी पटना समेत 6 शहरों में 28 खेलों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही 2 गिनीज बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी भी की जा रही है। खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का आयोजन 4 मई से 15 मई तक किया जाएगा।

Image

बिहार में होगा खेलों इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन

Khelo India Youth Games 2025: बिहार में पहली बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन किया जाने वाला है। बताया जा रहा है कि गेम्स का आयोजन 4 मई से 15 मई तक किया जाएगा। इस दौरान बिहार की राजधानी समेत 6 शहरों में विभिन्न गेम्स का आयोजन किया जाएगा। इन सभी शहरों में खेल कार्यक्रम का आयोजन सुचारू रूप से किया जा सके इसके लिए सेंट्रल कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाया जाएगा।

बता दें कि 4 मई से खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की शुरुआत होगी। इसका औपचारिक उद्घाटन आज, गुरुवार 1 मई 2025 को खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ वी राजेंद्र द्वारा किया गया। उद्घाटन के दौरान बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण, खेल विभाग के निदेशक महेंद्र कुमार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के पूर्व निदेशक और कमांड सेंटर के मुख्य समन्वयक डॉ. संजय सिन्हा, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के निदेशक रवीन्द्र नाथ चौधरी, सलाहकार डॉ.सुधांशु शेखर रॉय, क्रीड़ा कार्यपालक आनंदी कुमार, खेल विभाग के सहायक निदेशक संजय कुमार तथा अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

बिहार को मिला खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की मेजबानी का मौका

रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स एक बहुत बड़ा आयोजन है और पहली बार बिहार को इसकी मेजबानी मिलना बहुत खुशी और गर्व की बात है। मगर इसे सफलतापूर्वक अंजाम तक पहुंचाना भी हमारे लिए बहुत बड़ी चुनौती है। इसके आयोजन में सरकार के कई विभाग, कई एजेंसियां ,खेल संघ तथा तकनीकी एक्सपर्ट सम्मिलित होते हैं और सबके साथ तालमेल बैठाकर ही आयोजन को सफल बनाया जा सकता है । इसी के लिए एक सेंट्रल कंट्रोल और कमांड सेंटर बनाया गया है जो आज से 17 तारीख तक चौबीस घंटे काम करेगा।

इन 6 शहरों में होगा विभिन्न खेलों का आयोजन

जानकारी के लिए बता दें कि बिहार में होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का आयोजन प्रदेश की राजधानी पटना समेत गया, राजगीर, बेगूसराय, भागलपुर और दिल्ली में किया जाएगा। इन सभी शहरों में 28 खेलों का आयोजन किया जाएगा।

गेम्स की होगी मॉनिटरिंग

बताया जा रहा है कि इस दौरान सभी विभाग के नोडल अधिकारी, सभी राज्यों के स्टेट लाइजनिंग ऑफिसर, हजार से ज्यादा वालंटियर की जरूरत पड़ेगी। साथ ही उनके संयोजक,मीडिया, बिजली ,ट्रांसपोर्ट ,मेडिकल, आवासन, भोजन आदि सभी आवश्यक जरूरतों की पूरी मॉनिटरिंग इसी कमांड सेंटर से होगी। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया से लेकर खेल विभाग तथा अन्य विभागों के अधिकारी यहां किसी भी जानकारी और जरूरत के लिए उपलब्ध रहेंगे ताकि खेल और आयोजन के सुचारु और सफल संचालन में किसी तरह की कमी ना रह पाए।

दो गिनीज बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी

जानकारी के लिए बता दें कि बिहार में होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के आयोजन के दौरान दो गिनीज बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी कर रहा है। बताया जा रहा है कि इस उपलक्ष्य में विश्व की सबसे बड़ी मधुबनी पेंटिंग बनवाई जाएगी, जिसका काम शुरू कर दिया गया है। बता दें कि इस पेंटिंग को 100 महिलाओं द्वारा बनाया जा रहा है। 4 मई को उद्घाटन के दिन इसे प्रधानमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा दूसरा वर्ल्ड रिकॉर्ड 400 बाल लामाओं द्वारा सिंगिंग बॉल से एक धुन और संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी। अभी तक केवल 100 बाल लामाओं द्वारा प्रस्तुति दी गई है। लेकिन इस बार 400 बाल लामाओं द्वारा प्रस्तुति देकर एक नया रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article