पटना

Bihar Weather 30-November-2025: दिसंबर में तेजी से लुढ़केगा पारा, पछुआ दे रहा शीतलहर की आहट; जानें क्या कहता है IMD का पूर्वानुमान

Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 30-November-2025 पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर में जानें आज बारिश होगी या नहीं? के मौसम का पूर्वानुमान: बिहार में दिसंबर की शुरुआत के साथ ही बिहार में मौसम का बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि सोमवार से ठंड तेजी से बढ़ेगी और नया पश्चिमी विक्षोभ तापमान को नीचे धकेलेगा। आइए जानते हैं आज कैसा रहेगा बिहार का मौसम।

Image

बिहार में अब पड़ेगी जोरदार ठंड

Photo : Times Now Digital

Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 30-November-2025: 2025 के आखिरी महीने दिसंबर की शुरुआत के साथ ही बिहार के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार से ठंड में तेज बढ़ोतरी होगी। उत्तर भारत में सक्रिय होने जा रहा नया पश्चिमी विक्षोभ तापमान को तेजी से नीचे धकेलेगा। अभी तक दिन में हल्की धूप लोगों को राहत दे रही थी, लेकिन अब आसमान में बादल छाने और कई जिलों में घना कोहरा बनने की संभावना है।

सीजन की पहली बड़ी ठंड की दस्तक

मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि दिसंबर की शुरुआत इस सीजन की पहली बड़ी ठंड लेकर आ रही है। न्यूनतम तापमान अचानक गिरने के आसार हैं और आने वाले दिनों में ठिठुरन और बढ़ सकती है। दूसरे सप्ताह तक कई इलाकों में पारा 10 डिग्री से नीचे जा सकता है। राज्य सरकार ने बढ़ती सर्दी को देखते हुए जिला प्रशासन को आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, आपदा प्रबंधन विभाग ने आगाह किया है कि दिसंबर से जनवरी तक हर साल गंभीर शीतलहर का प्रकोप रहता है और इस बार भी तापमान गिरावट की रफ्तार तेज है, इसलिए लोगों को बचाव के इंतजाम पहले से कर लेने चाहिए।

दिसंबर में जोरदार ठंड

बिहार में दिसंबर का महीना तेज सर्दी वाला रहने वाला है। पहले सप्ताह में रात के तापमान में भारी गिरावट होगी, जबकि दूसरे सप्ताह में कड़ाके की ठंड का असर और तेज होगा। कई जिलों में कोहरे की मोटी चादर छाने की संभावना है, जिससे सुबह विजिबिलिटी प्रभावित हो सकती है। रविवार सुबह ही पटना, बेतिया, गोपालगंज समेत 10 से अधिक शहरों में घना कोहरा देखने को मिला। औरंगाबाद लगातार तीसरे दिन राज्य का सबसे ठंडा जिला बना हुआ है। यहां तापमान आज 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि तीन दिन पहले यह 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।

कैसा रहेगा मौसम

बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार, अगले 24 घंटे तक राज्य के ज्यादातर हिस्सों में धुंध भरा आसमान और शुष्क मौसम बना रहेगा। पछुआ हवा 40 किमी/घंटा की तेज रफ्तार से चल सकती है। उत्तर-पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्रों में आज का न्यूनतम तापमान 10-12 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में न्यूनतम तापमान 12-15 डिग्री सेल्सियस जाएगा। आज के अधिकतम तापमान की बात करें तो यह 26-30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने वाला है। पटना में आज सुबह हल्की ठंड रहेगी, दोपहर में धूप निकलने से तापमान थोड़ा बढ़ेगा और मौसम सामान्य रहेगा। शाम होते-होते फिर हल्की ठंड लौट आएगी। कोहरे की संभावना कम है और विजिबिलिटी सामान्य रहने की उम्मीद है।

अगले 7 दिन बारिश की संभावना नहीं

बिहार में अगले एक सप्ताह तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। किसी भी जिले में बारिश की संभावना नहीं है। उत्तर और पूर्वी बिहार में आने वाले दो दिनों तक सुबह हल्के से मध्यम कोहरे का प्रभाव रहेगा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ हो जाएगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article