Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 28-July-2025: बिहार में मानसून का असर एक बार फिर दिख रहा है। राजधानी पटना से लेकर राज्य के अधिकांश जिलों में रविवार रात से ही बारिश का सिलसिला चल रहा है। सोमवार की सुबह भी राजधानी समेत कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन साथ ही मौसम विभाग ने कई जिलों में संभावित वज्रपात और भारी वर्षा को लेकर अलर्ट भी जारी कर दिया है।
पटना में रात से जारी बारिश
पटना में रविवार देर रात से शुरू हुई तेज बारिश का सिलसिला सोमवार सुबह तक जारी रहा। इससे बीते दिन की गर्मी-उमस से तो राहत जरूर मिली लेकिन जलजमाव की स्थिति बनने से समस्याएं भी बढ़ सकती हैं। मौसम मौसम विभाग के अनुसार, आज पूरे दिन पटना में मौसम का उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
आज कैसा रहेगा मौसम
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) पटना केंद्र की ओर से जारी ताजा अपडेट के अनुसार उत्तर बिहार का समूचा इलाका आज बारिश की चपेट में रहेगा। इनमें सारण, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, वैशाली, गया, नालंदा, बेगूसराय, खगड़िया, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज और सिवान समेत कई जिले शामिल हैं। यहां आज सोमवार को भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं भोजपुर, रोहतास, अरवल, सुपौल, जहानाबाद, सहरसा और भागलपुर सहित अन्य जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
कल बारिश से मिली थी राहत
रविवार को बिहार के कई जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर रहा। दरभंगा और पश्चिम चंपारण में पारा 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। भागलपुर में भी दोपहर तक उमस भरी गर्मी के बाद शाम को आई बारिश से मौसम सुहावना हो गया। अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राज्य के कई इलाकों में आई कल की बारिश से लोगों को राहत मिली।
