Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 27-September-2025: बिहार में इन दिनों मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। कभी तेज धूप से लोग बेहाल हो रहे हैं तो कभी अचानक काले बादलों के साथ मूसलाधार बारिश से तापमान में गिरावट आ रही है। शुक्रवार को राज्य के कई जिलों में ऐसा ही मौसम का मूड स्विंग देखने को मिला।
कल कई जिलों में हुई थी बारिश
कल, शुक्रवार को सुबह से पटना, अरवल, सारण, भोजपुर, रोहतास, खगड़िया, नालंदा, जहानाबाद और वैशाली जैसे जिलों में तेज धूप निकली हुई थी लेकिन दोपहर से शाम के बीच अचानक आसमान में काले बादल छा गए और झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।
बंगाल की खाड़ी में लो-प्रेशर से बदला मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में एक लो-प्रेशर एरिया सक्रिय है, जिसका असर बिहार में देखने को मिल रहा है। इसी कारण मौसम में अचानक बदलाव हुआ है। विभाग का कहना है कि यह स्थिति अगले एक से दो दिनों तक बनी रह सकती है। दुर्गा पूजा और दशहरा के दौरान भी रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना जताई गई है।
अगले 48 घंटे का मौसम पूर्वानुमान
पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 48 घंटे के दौरान बिहार के अधिकांश इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक और नमी का स्तर ऊंचा बना रहेगा। हालांकि बीच-बीच में मध्यम स्तर की बारिश की संभावना भी है।
सबसे ज्यादा असर पश्चिमी बिहार के सीमावर्ती जिलों और सीमांचल में देखने को मिलेगा, जहां मध्यम बारिश हो सकती है। जबकि अन्य जिलों में बूंदाबांदी के आसार हैं।
त्योहारों पर भी होगी बारिश
दुर्गा पूजा और दशहरा के समय दक्षिण और मध्य बिहार के जिलों में रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। उत्तर बिहार के कई हिस्सों में हल्के बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी संभव है, जिससे उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।
