पटना

26 September बिहार का मौसम: आज 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, दुर्गा पूजा पर भी बरसेंगे बादल; जानें क्या है IMD का पूर्वानुमान

Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा)26-September-2025 पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर में जाने आज बारिश होगी या नहीं? के मौसम का पूर्वानुमान: बिहार में मानसून की वापसी का समय भले ही आ चुका हो लेकिन फिलहाल बारिश की संभावना कम नहीं हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को राज्य के 13 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। आइए जानते हैं कैसा रहेगा आज बिहार का मौसम।

Image

बिहार में आज भी होगी बरसात

Photo : Times Now Digital

Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 26-September-2025: मानसून की वापसी का समय आ चुका है लेकिन बिहार में अभी इसकी रफ्तार धीमी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी शुक्रवार को राज्य के 13 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा बाकी जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। इस बीच उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी और अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

13 जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग ने पटना, जहानाबाद, गया, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, जमुई, बांका, भागलपुर, मुंगेर और खगड़िया में यलो अलर्ट घोषित किया है। इन जिलों में अगले दो दिनों तक रुक-रुककर तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।

पिछले 24 घंटे का हाल

पिछले 24 घंटों में जमुई में बारिश दर्ज की गई, जबकि पटना में तेज धूप के बीच दोपहर बाद हल्के बादल छाए, लेकिन बरसात नहीं हुई। सुपौल और नालंदा में भी कड़ी धूप रही, जिससे लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा।

पटना में आज कैसा रहेगा मौसम

राजधानी पटना में शुक्रवार को बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। हवा की गति भी तेज रहेगी। अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।

क्यों बरस रहे हैं बादल

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में लो-प्रेशर एरिया सक्रिय है। इसका असर बिहार के मौसम पर पड़ रहा है। यही कारण है कि राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। यह स्थिति अगले 24 से 48 घंटे तक बनी रह सकती है। यहां तक कि दुर्गा पूजा के दौरान भी रुक-रुककर बारिश होने के आसार हैं।

आने वाले दिनों का मौसम

आने वाले दिनों में दक्षिण और मध्य बिहार के कई जिलों में रुक-रुककर बारिश जारी रहेगी। उत्तर बिहार में हल्के बादल छाए रहने के बावजूद बारिश की संभावना कम है। इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि हो सकती है, जिससे उमस और बढ़ जाएगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article