Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 17-September-2025: बिहार में इन दिनों मिलाजुला मौसम देखने को मिल रहा है। कहीं झमाझम बारिश हो रही है तो कहीं बादल रूठे हुए हैं। हालांकि विदाई से पहले एक बार फिर मानसून बिहार पर मेहरबान हो गया है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के सभी जिलों में अलर्ट जारी किया है। वहीं दो जिलों में ऑरेंज अलर्ट भी है। इस दौरान कहीं तेज तो कहीं बहुत तेज बारिश होने का अनुमान जताया गया है। साथ ही मेघगर्जन और ठनका गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।
बिहार में आज किन जिलों में होगी बारिश
आईएमडी के अनुसार आज गोपालगंज और पश्चिमी चंपारण में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। सिवान,पटना, नालंदा, किशनगंज, पुर्णिया, दरभंगा, समस्तीपुर और बेगूसराय में भी भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश के सभी जिलों में आज बादल गरजने और बिजली गिरने की संभावना है। साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। आज बिहार में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।
बिहार में 22 सितंबर तक बारिश के आसार
बिहार में अभी मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। प्रदेश में 22 सितंबर तक अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं। वहीं तापमान की बात करे तो अगले 4 दिनों में बिहार के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव आने की संभावना नहीं है।
बिहार में कहां-कितनी हुई बारिश
बिहार में मंगलवार को पटना समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। पटना मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा मंगलवार शाम साढ़े पांच बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में सबसे अधिक बारिश पूर्णिया में 35.9 मिमी हुई। इसके अलावा पश्चिमी चंपारण में 17.8 मिमी, मुजफ्फरपुर में 22 मिमी, सुपौल में 23.8 मिमी, शेखपुरा में 6.5 मिमी, मधेपुरा में 9.5 मिमी, समस्तीपुर में 5.5 मिमी, वैशाली में 3 मिमी, बेगूसराय में 5 मिमी, खगड़िया में 16 मिमी, नालंदा में 19 मिमी, सिवान में 11 मिमी, समस्तीपुर के पूसा में 21 मिमी, किशनगंज में 1.5 मिमी और जहानाबाद में 15.5 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा मुंगेर, पटना, रोहतास और भागलपुर में भी छिटपुट बारिश दर्ज हुई।
