चुनाव वाले दिन बिहार का कैसा रहेगा मौसम
Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 14-November-2025: बिहार में आज विधानसभा चुनाव का रिजल्ट आने वाला है, यानी सियासी मौसम गर्म रहने वाला है लेकिन राज्य के असल मौसम की बात करें तो सर्दी का असर तेज होने के साथ वायु गुणवत्ता लगातार बिगड़ रही है। राजधानी पटना के कई इलाकों में गुरुवार और शुक्रवार की रात हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई। एयरपोर्ट क्षेत्र में देर रात AQI 237 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। इसी तरह गांधी मैदान इलाके में भी प्रदूषण का स्तर 210 के आसपास रहा। बढ़ते प्रदूषण का असर सुबह-शाम बाहर निकलने वाले लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है, खासकर बुजुर्गों और बच्चों के लिए हालात अधिक चुनौतीपूर्ण बन गए हैं।
राजधानी में रात का तापमान पिछले चार-पांच दिनों से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास मंडरा रहा है। शाम ढलते ही गलन बढ़ जाती है, जबकि सुबह का समय भी ठंडा बना हुआ है। दिन का तापमान सामान्य से कुछ ऊपर रहते हुए हल्की गर्माहट जरूर दे रहा है, लेकिन कुल मिलाकर मौसम में ठंड का प्रभाव गहरा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार नवंबर के शेष दिनों में तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा, लेकिन कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अगले कुछ दिनों में सुबह और रात की ठंड बनी रहेगी, जबकि दोपहर में हल्की गरमी महसूस होगी। यह अंतर स्थानीय नमी, हवा की रफ्तार और धूप की मौजूदगी के आधार पर बदलता रहता है।
बीते 24 घंटों में दिन का अधिकतम तापमान 26.2डिग्री सेल्सियस से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि रात का तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस से 18.6 डिग्री सेल्सियस के दायरे में दर्ज किया गया। सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहा, जिसके कारण पूर्णिया में दृश्यता घटकर 800 मीटर तक पहुंच गई। विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में भी सुबह और शाम के समय धुंध की स्थितियां बनी रहेंगी।
बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से कम बना रहेगा। रात का पारा 11-16 डिग्री सेल्सियस के बीच और दिन का तापमान 26-30 डिग्री सेल्सियस के दायरे में रहने की संभावना है। वहीं प्रदूषण के स्तर में भी फिलहाल खास सुधार की उम्मीद नहीं है, ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।