Jabalpur News: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले से एक बड़ी और दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। शहर के रिचई औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार दोपहर को पारले-जी बिस्किट फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। दोपहर करीब 2:15 बजे लगी इस आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप धारण कर लिया। फैक्ट्री के अंदर से उठती ऊंची-ऊंची लपटें और आसमान को छूते काले धुएं के गुबार को कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था, जिससे पूरे इंडस्ट्रियल एरिया में हड़कंप मच गया।
दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और प्रबंधन में हड़कंप मच गया। तुरंत नगर निगम के दमकल विभाग को इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। दमकलकर्मी और राहत दल मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने के लिए लगातार मशक्कत कर रहे हैं। आग इतनी भीषण है कि काले धुएं के कारण आसपास के इलाके में विजिबिलिटी कम हो गई है। फिलहाल दमकल विभाग की टीमें आग को फैलने से रोकने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही हैं। आग लगने के स्पष्ट कारणों और नुकसान के आकलन का अभी इंतजार किया जा रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- लालकृष्ण आडवाणी को अस्पताल से मिली छुट्टी, सेहत में सुधार, सीने में संक्रमण के बाद थे भर्ती
किसी के घायल होने की सूचना नहीं
इस संबंध में ASP मनीष भारद्वाज ने बताया, "रिछाई औद्योगिक क्षेत्र में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी, जो अधारताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर आठ से अधिक दमकल वाहन आग बुझाने में जुटे हुए हैं और साथ ही राहत एवं बचाव कार्य भी चलाया जा रहा है। फिलहाल किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है, लेकिन इसकी वास्तविक वजह का पता एफएसएल टीम की विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। मौके पर मौजूद लोग नुकसान का अनुमान बता सकते हैं, हालांकि अभी तक किसी जनहानि या मौत की सूचना नहीं मिली है।" तस्वीर में आग की भयावहता देखी जा सकती है। मामले पर ASP बाइट दे रहे थे उनके पीछे इमारत से उठते धुएं का गुबार देखा जा सकता है।
