कल यानी रविवार 18 अक्टूबर को फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमला हुआ। उनकी कार पर फायरिंग की गई और बाद में लॉरेन्स बिश्नोई गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी ली। इसी के साथ Salman Khan और लॉरेंस बिश्नोई के बीच विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद प्रश्न उठ रहे हैं कि आखिर लॉरेंस बिश्नोई गैंग सलमान खान को लगातार धमकियां क्यों दे रहा है? क्यों उनके करीबियों को निशाना बनाया जा रहा है? पिछले 8 वर्षों में सलमान खान को धमकी भरे संदेश मिलने से लेकर उनके घर के बाहर गोलीबारी और उनके करीबी लोगों पर हमले तक कई घटनाएं सामने आई हैं। हालांकि, हर घटना में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच और सामने आए दावों के बीच अंतर करना भी जरूरी है।
टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में तीन आरोपियों को आज यानी सोमवार सुबह राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित बच गए, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए हैं। इस मामले में कथित तौर पर Lawrence Bishnoi Gang से जुड़े लोगों ने सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने का दावा करने के साथ ही सलमान खान के करीबियों को निशाना बनाने की धमकी भी दी। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है।
आखिर सलमान और लॉरेंस की दुश्मनी क्या है?
आपके मन में भी यह प्रश्न बार-बार आता होगा कि आखिर एक्टर सलमान खान और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की दुश्मनी क्या है? इस मामले को गहराई से टटोलेंगे तो मामला 1998 में काला हिरण मामले तक जाता है। फिल्म 'हम साथ-साथ हैं' की शूटिंग के दौरान राजस्थान में काले हिरण के शिकार के आरोप में सलमान खान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। बिश्नोई समाज काले हिरण को धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व देता है। लॉरेंस बिश्नोई ने इसी मामले को सलमान के खिलाफ अपनी दुश्मनी की वजह बताया है।
लॉरेंस की तरफ से कई बार सलमान से माफी मांगने की मांग की गई है। 2018 में जोधपुर अदालत में पेशी के दौरान उसने सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी थी। बाद में सलमान खान के मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट और पनवेल फार्महाउस की रेकी किए जाने की बात भी जांच में सामने आई।
धमकी भरी चिट्ठियां और घर के बाहर फायरिंग
जून 2022 में सलमान खान के पिता सलीम खान को बांद्रा बैंडस्टैंड पर एक धमकी भरी चिट्ठी मिली थी। इसमें सलमान को पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की तरह अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी। मार्च 2023 में सलमान के दफ्तर को धमकी भरा ईमेल मिलने की खबर सामने आई। इसके बाद अभिनेता की सुरक्षा बढ़ाई गई।
14 अप्रैल 2024 को मुंबई के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर बाइक सवार हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की। मुंबई पुलिस ने मामले में लॉरेंस बिश्नोई और उसके नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच की। इस घटना ने अभिनेता की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए।
12 अक्टूबर 2024 को एनसीपी नेता और सलमान के करीबी माने जाने वाले बाबा सिद्दीकी की मुंबई में गोली मारकर हत्या कर दी गई। बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने सोशल मीडिया पर हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। मुंबई पुलिस ने भी जांच में गैंग की भूमिका की पड़ताल की। इस घटना के बाद सलमान के करीबियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।
कपिल शर्मा के कैफे पर गोलीबारी
2025 में कनाडा के सरे शहर में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर कई बार गोलीबारी हुई। कथित गैंग सदस्यों ने दावा किया कि सलमान खान को अपने शो में बुलाने के कारण कैफे को निशाना बनाया गया। हालांकि, इस दावे को घटना के पीछे की अंतिम और न्यायिक रूप से स्थापित वजह नहीं माना जा सकता।
गुरु रंधावा के जिम के बाहर फायरिंग
11 जून 2026 को दिल्ली के पश्चिम विहार में गायक गुरु रंधावा से जुड़े 24HS फिटनेस जिम के बाहर फायरिंग की घटना हुई। इसमे किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। कथित बिश्नोई गैंग से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट में सलमान से गुरु रंधावा की नजदीकी को हमले की वजह बताया गया। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार भी किया।
रोहित शेट्टी के घर के बाहर गोलीबारी
1 फरवरी 2026 को मशहूर फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर भी गोलीबारी की घटना हुई थी। इसके बाद रोहित शेट्टी और अभिनेता रणवीर सिंह को धमकी मिलने की खबरें सामने आईं।
पंजाब का रहने वाला है लॉरेंस बिश्नोई
लॉरेंस बिश्नोई पंजाब से ताल्लुक रखने वाला गैंगस्टर है। उसका जन्म 12 फरवरी 1993 को पंजाब के फाजिल्का जिले के दुतारावाली (अबोहर) गांव में हुआ था। लॉरेंस के खिलाफ खिलाफ हत्या, जबरन वसूली और आपराधिक साजिश सहित कई मामलों में जांच और मुकदमे चले हैं। वह साल 2015 से लगातार जेल में बंद है, और फिलहाल गुजरात की साबरमती जेल में बंद है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, उसके नेटवर्क के सदस्य कई राज्यों में एक्टिव हैं।
