Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 06-October-2025: बिहार में बारिश का सिलसिला पिछले कई दिनों से जारी है। जिससे लोगों के जीवन पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। लगातार बारिश से निचले इलाकों और सड़कों में जलभराव की स्थिति देखने को मिल रही है। वहीं कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के गांवों में बाढ़ जैसे हालात हैं। पिछले 24 घंटे में भी कटिहार, अररिया समेत कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। बिहारवासियों को फिलहाल कुछ दिनों तक बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
बिहार में आज कहां-कहां होगी बारिश
बिहार में सुपौल, अररिया और किशनगंज में आज बहुत तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तेज हवाएं चलने और ठनका गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने आज बिहार के 29 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। प्रदेश में आज भोजपुर, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, बक्सर और अरवल में कोई अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार में कल भी बारिश का अलर्ट
आईएमडी के अनुसार बिहार में कल यानी मंगलवार को भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान दक्षिण-मध्य और दक्षिण पूर्व हिस्से के जिलों में बारिश होने की संभावना है। साथ ही मेघगर्जन और वज्रपात का भी अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। जिसके बाद से बारिश की गतिवधियों में कमी देखने को मिल सकती है।
बिहार में रोहतास में रहा सबसे अधिक तापमान
मौसम विभाग द्वारा शाम साढ़े पांच बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार बिहार में रविवार को कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। इस दौरान अररिया में 24 मिमी, कटिहार में 7.5 मिमी, किशनगंज में 1.5 मिमी, सुपौल में 5.8 मिमी, अररिया के फॉरबिसगंज में 3 मिमी और भागलपुर में 1.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा दरभंगा, पूर्णिया, मधेपुरा, समस्तीपुर समेत कई जगहों पर छिटपुट बारिश हुई। मंगलवार को बिहार में सबसे अधिक तापमान रोहतास में 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
