Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 04-June-2025: बिहार की राजधानी पटना समेत पूरे प्रदेश में आंधी-तूफान के विभिन्न अलर्ट जारी किए गए हैं। यहां चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है तो शेष सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ ठनका (आकाशीय बिजली) गिरने की भी चेतावनी जारी की है। इस दौरान लोगों को पेड़ के नीचे या खुले इलाकों में जाने से मना किया है। मानसून बिहार के करीब पहुंच गया है। यहां 10 से 12 जून तक मानसून के दस्तक देने की उम्मीद जताई जा रही है। लेकिन उससे पहले मौसम विभाग ने 6 जून को हॉट डे का अलर्ट जारी किया है।
बिहार के 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने आज बिहार के कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और गया में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। तेज हवाओं से प्रदेश का मौसम सुहावना बना रहेगा और गर्मी से राहत मिलेगी।
बिहार के इन जिलों में जारी आंधी-बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने पूर्वी-पश्चिमी चंपारण, किशनगंज, गोपालगंज, सुपौल, सहरसा, भागलपुर, पटना, बक्सर, भोजपुर, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, शिवहर, सीतामढ़ी, अररिया, सिवान, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, बेगूसराय, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, जमुई, बांका, मुंगेर, लखीसराय, और मधेपुरा में आंधी-तूफान के अलर्ट के साथ कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना भी जताई गई है। जारी अलर्ट के अनुसार, प्रदेश में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।
बिहार में तेज हवाओं के कारण लोगों को आंशिक तौर पर गर्मी से राहत मिल रही है। तेज हवाओं ने गर्मी को बढ़ने से रोक दिया है, लेकिन नमी अधिक होने के कारण उमस वाली गर्मी का दौर जारी है। हवाओं के बंद होते ही लोग पसीने से भीग जाते हैं।
