Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 01-June-2025: बिहार की राजधानी पटना समेत प्रदेश के 13 जिलों में शनिवार शाम झमाझम बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। बारिश और हवाओं के रुकते ही उमस बढ़ने लगी और पसीने वाली चिपचिपी गर्मी का एहसास होने लगा। इस बीच मौसम विभाग ने बताया की आगामी दिनों में प्रदेश के तापमान में 3 से 4 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। आर्द्रता अधिक होने के कारण यहां उमस भरी गर्मी की मार झेलनी पड़ रही है। मानसून का आगाज हो गया है, लेकिन अभी मानसून बिहार नहीं पहुंचा है। बिहार में मानसून की दस्तक के साथ मौसम बदलेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
बिहार के इन जिलों आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बिहार के 24 जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस रिपोर्ट के अनुसार, आज भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, सीतामगढ़ी, शिवहर, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, औरंगाबाद, अरवल, गया, नवादा, जमुई, बांका, मुंगेर, भागलपुर, खगड़िया, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में येलो अलर्ट जारी किया है। बता दें कि अररिया और किशनगंज में आईएमडी ने भारी बारिश के साथ आंधी का अलर्ट जारी किया है, वहीं अन्य जिलों में आंधी के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है।
कैसा रहेगा आज मौसम का हाल
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज प्रदेश के 24 जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। अररिया और किशनगंज में भारी बारिश के साथ अन्य जिलों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना है।
