Bihar Weather: देश के कई हिस्सों में गर्मी अपना रौद्र रूप दिखाने लगी है, लेकिन बिहार में मौसम अलग ही करवट लिए हुए है। यहां आज यानी शुक्रवार 12 अप्रैल को मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। मौसम विभाग ने राजधानी पटना सहित 9 जिलों में शुक्रवार शाम आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी है।
बिहार में येलो अलर्ट जारी
राजधानी पटना स्थित मौसम केंद्र ने येलो अलर्ट भेजा है और लोगों से सतर्क रहने को कहा है। पटना के कुछ हिस्सों में शुक्रवार शाम तेज हवा के साथ बारिश होने के आसार बन रहे हैं। इसके अलावा नालंदा, जहानाबाद, रोहतास, आरा, औरंगाबाद, बांका, गया, जमुई और कैमूर जिलों में भी मौसम की चाल बिगड़ने की पूरी आशंका है। इस दौरान इन जिलों में 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों से अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से मना किया गया है।
कई जिलों में गिरे ओले
बता दें कि इससे पहले कल यानी गुरुवार 11 अप्रैल को भी बिहार के कई जिलों में अचानक मौसम ने करवट ली ती। राजधानी पटना में तो देर रात तेज आंधी से कई इलाकों में अंधेरा छा गया। बिजली गुल होने से लोगों को परेशानी भी हुई। मधुबनी और समस्तीपुर सहित कुछ जिलों में हल्की बारिश के साथ ही ओले भी गिरे। ओले गिरने से किसान बड़े परेशान हैं। क्योंकि ओलों से आम, गेहूं और लीची की फसल को नुकसान हुआ है।
इन इलाकों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के कई जिलों में मौसम खराब होने से संबंधित चेतावनी जारी की है। हालांकि, राहत की बात यह है कि 24 घंटे बाद मौसम सामान्य रहने की संभावना है। कोसी और सीमांचल के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है।
