पटना

Bihar : बैंड बाजा पार्टी के साथ अपराधियों के घर पहुंच रही पुलिस, चिपका रही इश्तहार

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Sep 4, 2023, 05:50 PM IST

गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने डुगडुगी बजाकर फरार बदमाशों को सरेंडर करने को कहा है। सरेंडर नहीं करने पर संपत्ति जब्त कर ली जाएगी।

Image

बिहार पुलिस का अभियान

Photo : PTI

Bihar News: बिहार में बढ़ते अपराध पर पुलिस ने अपराधियों पर नकेल कसने के लिए अनोखा तरीका अपनाया है। गोपालगंज जिला पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे टॉप-100 अपराधियों की सूची बनाई है और ढोल-नगाड़ों के साथ अनोखे तरीके से अपराधियों के घर-घर जाकर इश्तहार चश्पा कर रही है और अपराधियों से सरेंडर करने की अपील कर रही है।

विशेष टीम कर रही छापेमारी

इसके अलावा कोर्ट से आदेश निर्गत कराकर कुर्की जब्ती की कार्रवाई करने में जुटी है। पुलिस इन अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए स्पेशल टीम बनाकर विशेष छापेमारी भी कर रही है। बताया जाता है कि मीरगंज थाना क्षेत्र के नैन मटिहानी गांव में 5 अक्तूबर 2022 को मकसूद नट की पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी थी। हत्या के इस मामले में मीरगंज थाने में मृतक के भाई मल्लू नट ने 14 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

फरार टॉप-100 अपराधियों की सूची बनाई

पुलिस इस मामले में अब तक 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने डुगडुगी बजाकर फरार बदमाशों को सरेंडर करने को कहा है। सरेंडर नहीं करने पर संपत्ति जब्त कर ली जाएगी। इधर, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात का कहना है कि जिले में लंबे समय से फरार टॉप-100 अपराधियों की सूची बनाई गई है। इनकी गिरफ्तारी के लिए स्पेशल टीम का गठन किया गया है।

साथ ही इनकी संपत्ति को जब्त करने के लिए कोर्ट से इश्तहार निर्गत कराकर चस्पा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य गांव वालों को भी ये बताने की कोशिश है कि हत्यारे किसी भी हाल में बख्शे नहीं जाएंगे। नहीं पकड़े जाने पर घर की कुर्की तक की जा सकती है। (आईएएनएस)

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article