पटना

Patna: चुनावों से पहले बिहार सरकार के कई ऐलान; सभी पंचायत क्षेत्रों में विवाह भवन, दीदी की रसोई में 20 रुपये की मिलेगी थाली

बिहार सरकार ने चुनावों से पहले कई फैसले लिए हैं। जिनके मुताबिक अब पंचायत स्तर पर गरीब महिलाओं की शादी के लिए विवाह भवन बनाने और ‘दीदी की रसोई’ योजना के तहत भोजन की कीमत 40 से घटाकर 20 रुपये करने का निर्णय लिया है। साथ ही, विधवाओं, दिव्यांगों और बुजुर्गों की पेंशन 1,100 रुपये प्रति माह कर दी गई है।

Image

नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिए गए फैसले (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Patna News: बिहार के विधानसभा चुनावों से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कई फैसले लिए गए। इसमें ‘दीदी की रसोई’ कैंटीन में दिए जाने वाले भोजन की कीमतें 40 रुपये से घटाकर 20 रुपये प्रति प्लेट किए जाने का फैसला लिया गया। इसी के साथ उनकी सरकार ने गरीब महिलाओं की शादी के लिए राज्य के सभी पंचायत क्षेत्रों में विवाह भवन बनाने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुझे आपको यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमारी सरकार राज्य के ग्रामीण इलाकों में गरीब परिवारों (विवाह योग्य आयु) की बेटियों के विवाह समारोहों को सुविधाजनक बनाने के लिए सभी पंचायतों में विवाह भवन का निर्माण करेगी।’’

इस कार्यक्रम का नाम ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना’ रखा गया है। नीतीश ने कहा, ‘‘इन विवाह भवनों का संचालन जीविका दीदियों द्वारा किया जाएगा। पंचायत स्तर पर विवाह मंडपों के निर्माण से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को काफी लाभ मिलेगा।’’

जीविका दीदियां विश्व बैंक द्वारा सहायता प्राप्त बिहार ग्रामीण आजीविका परियोजना के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं हैं। ग्रामीण गरीबों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से शुरू की गई इस परियोजना को जीविका के नाम से भी जाना जाता है।

मंत्रिमंडल ने जीविका द्वारा समर्थित सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों के साथ-साथ राज्य भर के विभिन्न सरकारी संस्थानों में ‘दीदी की रसोई’ कैंटीन में दिए जाने वाले भोजन की कीमतें 40 रुपये से घटाकर 20 रुपये प्रति प्लेट कर दी हैं। CM ने पोस्ट में लिखा कि राज्य सरकार प्रति प्लेट 20 रुपये की सहायता देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सरकार राज्य भर के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक उच्च गुणवत्ता वाली सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। हमने राज्य के सभी जिला कलेक्ट्रेट, उप-मंडल कार्यालयों, ब्लॉक और सर्कल कार्यालयों में भी इस व्यवस्था को लागू करने का फैसला किया है। अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे सुनिश्चित करें कि दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को सस्ती दरों पर शुद्ध भोजन मिल सके।’’

इसके अलावा, मंत्रिमंडल ने विधवाओं, दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों की पेंशन में 700 रुपये प्रति माह की वृद्धि करने के समाज कल्याण विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। जुलाई से लाभार्थियों को 1,100 रुपये की बढ़ी हुई पेंशन मिलेगी।

(इनपुट-भाषा)

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article