पटना

एक बार फिर बिहार में अधिकारियों का हुआ ट्रांसफर, 7 IPS अफसर बदले गए; पटना के IG अब जितेंद्र राणा

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक फेरबदल तेज हो गया है। सोमवार को सात IPS अधिकारियों का तबादला किया गया, जिसमें सीवान के SP अमितेश कुमार को हटाकर मनोज कुमार तिवारी को नियुक्त किया गया है। पटना में भी नए IG की भी नियुक्ति हुई है।

Image

बिहार में फिर IPS अधिकारियों के हुए तबादले (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Bihar IPS Transfer: बिहार के विधानसभा चुनाव सिर पर हैं और राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष लगातार सरकार को घेरने में जुटा है। इस बीच प्रशासनिक फेरबदल की खबरें भी ज्यादा आने लगी हैं, इसी कड़ी में बिहार सरकार ने सोमवार को सात भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारियों का स्थानांतरण किया है। इस क्रम में सीवान के पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार का भी तबादला कर दिया गया है। उनके स्थान पर मनोज कुमार तिवारी को सीवान का SP बनाया गया है। इसके पहले इसी महीने ही बड़ी संख्या में IPS अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया था, जिसमें कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों को भी इधर-उधर किया गया था।

पटना के IG बने जितेंद्र राणा

बिहार गृह विभाग ने इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी है। अधिसूचना के मुताबिक, तकनीकी सेवाएं एवं संचार के पुलिस महानिरीक्षक राकेश राठी को अगले आदेश तक विशेष शाखा का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है जबकि जितेंद्र राणा को पुलिस महानिरीक्षक, केंद्रीय क्षेत्र, पटना का दायित्व सौंपा गया है।

इनके भी हुए ट्रांसफर

इसके अलावा पुलिस महानिरीक्षक, केंद्रीय क्षेत्र, पटना गरिमा मलिक को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो का पुलिस महानिरीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के पुलिस महानिरीक्षक एस. प्रेमलथा को तकनीकी सेवाएं एवं संचार का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। अपराध अनुसंधान विभाग के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी को सीवान का पुलिस अधीक्षक जबकि सीवान के पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार को पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा), विशेष शाखा का दायित्व सौंपा गया है।

इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सह सहायक निदेशक, बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर के. रामदास को अगले आदेश तक अपराध अनुसंधान विभाग का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

उठ रहे सवालों पर हो रही कार्रवाई

उल्लेखनीय है कि विपक्ष लगातार बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरने में जुटा है। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर लगातार निशाना साधते रहे हैं। इस साल बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, ऐसे में सरकार कानून व्यवस्था को सुधारने को लेकर लगातार प्रयास में जुटी है।

(इनपुट-आईएएनएस)

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article