सहारनपुर : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां जोरों पर हैं। खासकर, भारतीय जनता पार्टी अपने अभियान को रफ्तार देने की कवायत में जुट गई है। इसी बीच मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पश्चिमी यूपी को साधने के प्रयास में सहारनपुर पहुंचे। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों के साथ सामाजिक संपर्क पर भी जोर दिया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे के दूसरे दिन नबीन भाजपा के अनुसूचित जाति वर्ग से जुड़े कार्यकर्ता अजब सिंह के घर पहुंचे और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ भोजन किया। इसके बाद उन्होंने पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के साथ संगठन की स्थिति तथा चुनावी तैयारियों पर चर्चा की। जानकारी के मुताबिक, मेरठ में बुलडोजर लेकर स्वागत के लिए खड़े कार्यकर्ताओं के लिए नितिन नबीन का काफिला नहीं रुका। माना जा रहा है कि बुलडोजर से स्वागत को लेकर बीजेपी अध्यक्ष नाराज थे।
अजब सिंह के घर नबीन करीब 25 मिनट रुके। यहां उन्होंने दाल, रोटी, पुलाव, आलू की सब्जी, रायता और आइसक्रीम खाई। इस दौरान पंकज चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहे। अजब सिंह पार्टी के पुराने कार्यकर्ता बताए जाते हैं। उनके घर जाने के कार्यक्रम को भाजपा के संगठनात्मक दौरे के बीच सामाजिक संपर्क के एक हिस्से के तौर पर रखा गया था।
गुरु रविदास मंदिर में की पूजा-अर्चना
कार्यकर्ता के घर पहुंचने से पहले नितिन नबीन ने संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर में दर्शन-पूजन किया। स्थानीय लोगों की ओर से उन्हें संत रविदास की प्रतिमा और पुस्तक भेंट की गई। इसके बाद वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठकों में शामिल हुए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढे़ं - विकसित भारत@2047: मोदी सरकार का 'महामंथन', 23-24 सितंबर को चिंतन शिविर में योजनाओं और सुधारों पर चर्चा
बैठक में पश्चिमी यूपी के संगठन की मौजूदा स्थिति, बूथ स्तर की गतिविधियों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई। कुछ पदाधिकारियों ने संगठन में अपेक्षित सम्मान नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया। नबीन ने चुनावी तैयारियों का फीडबैक लिया और कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
2027 में जीत का दावा
सहारनपुर दौरे के दौरान नितिन नबीन ने कहा कि भाजपा सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि जमीनी स्तर पर पार्टी के पक्ष में सकारात्मक माहौल है और जनता के समर्थन के आधार पर भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने को लेकर आश्वस्त है।
इससे पहले सोमवार को नबीन ने मेरठ में संगठनात्मक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था। उन्होंने पश्चिमी यूपी के पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर बूथ स्तर की तैयारियों, संगठन को मजबूत करने और चुनावी गतिविधियों की समीक्षा की थी। उनका दो दिवसीय दौरा मेरठ और सहारनपुर में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर केंद्रित रहा।
बुलडोजर एक्शन पर खफा हुए नितिन नबीन
मेरठ के सिवाया टोल प्लाजा पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के स्वागत की तैयारियां की गई थीं। भाजपा नेता संगीत सोम, जिलाध्यक्ष हरवीर पाल, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी समेत कई नेता और कार्यकर्ता टोल पर मौजूद थे। स्वागत के लिए जेसीबी और पोकलैंड मशीनों से पुष्पवर्षा की व्यवस्था की गई थी, लेकिन नितिन नबीन का काफिला टोल पर रुके बिना सहारनपुर की ओर निकल गया।
बताया जा रहा है कि नितिन नबीन के मेरठ दौरे के दौरान सोमवार को काशी टोल प्लाजा पर महानगर भाजपा की ओर से स्वागत प्रस्तावित था, जबकि मंगलवार को सिवाया टोल पर जिला भाजपा की ओर से स्वागत की तैयारी की गई थी। इसी तैयारी के तहत स्थानीय नेता और कार्यकर्ता टोल पर पहुंचे थे। पार्टी के कुछ स्थानीय नेताओं से हुई बातचीत के मुताबिक, नितिन नबीन को सहारनपुर का कार्यक्रम पूरा करने के बाद जल्द दिल्ली लौटना था। इसी वजह से सिवाया टोल पर रुकने का कार्यक्रम नहीं हो सका। हालांकि, इस संबंध में भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
वहीं, कुछ भाजपा पदाधिकारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेसीबी, पोकलैंड जैसी मशीनों से पुष्पवर्षा और इस तरह के बड़े स्वागत को पसंद नहीं करते। उनके मुताबिक संगठन के नेताओं को जनता के बीच जाकर संवाद और संगठनात्मक काम पर ध्यान देने का संदेश दिया गया है।
इसी क्रम में मेरठ और सहारनपुर में लगाए गए कुछ बड़े होर्डिंग हटाए जाने की जानकारी भी पार्टी के स्थानीय पदाधिकारियों ने दी है। हालांकि, राष्ट्रीय अध्यक्ष की नाराजगी या होर्डिंग हटाने के निर्देश को लेकर भाजपा के किसी बड़े नेता की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सिवाया टोल पर स्वागत की तैयारियां पूरी थीं, लेकिन नितिन नबीन का काफिला बिना रुके सहारनपुर रवाना हो गया। स्वागत की तैयारियों और राष्ट्रीय अध्यक्ष की कथित पसंद को लेकर सामने आई बाकी जानकारी पार्टी नेताओं से हुई अनौपचारिक बातचीत पर आधारित है।
