Bihar Nagar Nigam Election: बिहार नगर निगम चुनाव का रिजल्ट आ गया है। इस चुनाव में कई जगहों पर भारी उलट फेर हुआ है। जिसका शिकार कई दिग्गज नेता और उनके परिवार बने हैं। सबसे चौंकाने वाला नतीजा अररिया जिले के नरपतगंज नगर पंचायत का आया है। यहां एक मेडिकल की छात्रा सन्नू कुमारी ने पांच बार के सांसद की पत्नी को हरा दिया है।
कौन हैं सन्नू कुमारी
सन्नू कुमार पासवान परिवार से आती हैं और दरभंगा मेडिकल कॉलेज की छात्रा हैं। इनके पिता एक शिक्षक और मां आंगनबाड़ी सेविका हैं। सन्नू कुमारी अभी मेडिकल के प्रथम वर्ष की ही पढ़ाई कर रही हैं। इसी बीच चुनाव आया और वो चुनावी मैदान में कूद गईं।
किसे हराया
सन्नू कुमार जब चुनावी मैदान में उतरीं तो कोई भी जीत का अनुमान नहीं लगा रहा था, लेकिन चुनाव प्रचार के दौरान उनकी ऐसी लहर उठी कि उस लहर में पांच बार सांसद रह चुके सुखदेव पासवान की पत्नी बह गईं। इस चुनाव में सन्नू कुमारी को 5493 वोट मिले, और सुखदेव पासवान की पत्नी को मात्र 1206 वोट मिले।
बन गईं मुख्य पार्षद
सन्नू कुमारी ने इस जीत के साथ ही इतिहास रचते हुए नरपतगंज नगर पंचायत की मुख्य पार्षद बन गई हैं। इस जीत की चर्चा पूरे नरपतगंज नगर पंचायत में हो रही है। आज की तारीख में पूरा नरपतगंज नगर पंचायत इस जीत की जश्न में डूबा दिख रहा है। बताया जाता है कि सन्नू पहले चुनाव लड़ने के लिए तैयार नहीं थी, लेकिन जब सीट अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित हो गया तो लोगों को दवाब में चुनावी मैदान में उतर गईं।
