Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 29 June 2025: बिहार में इस समय मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है, लेकिन शनिवार को मौसम ने कुछ अलग ही रंग दिखाया। सुबह से ही आसमान साफ नजर आया और तेज धूप ने लोगों को परेशान किया, जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, आज यानी रविवार को एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। राजधानी पटना समेत मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, भागलपुर, बक्सर और पश्चिम चंपारण सहित आसपास के कई जिलों में सुबह से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। देर रात भी बारिश दर्ज की गई थी, और यह सिलसिला आज दिनभर जारी रह सकता है।
बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और समय-समय पर बारिश होती रहेगी, जिससे नदियों का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। पटना में गंगा और सहरसा में अन्य नदियों का जलस्तर बढ़ने की जानकारी सामने आई है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, आज बिहार के 24 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है, जिनमें से कई जिलों में बारिश शुरू भी हो चुकी है। भभुआ और रोहतास में दिनभर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इन सभी 24 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 30 जून से 2 जुलाई तक पूरे बिहार में व्यापक स्तर पर भारी बारिश की संभावना है। कई इलाकों में तेज गरज और आंधी के साथ बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट भी जारी कर दिया गया है। कुल मिलाकर, बिहार में आगामी कुछ दिन हल्की से मध्यम बारिश वाले और मौसम में ठंडक लाने वाले रहने वाले हैं।
इन जिलों में रहेगा अलर्ट
बिहार के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, औरंगाबाद, अरवल, पटना, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया जिलों में आज बारिश के आसार हैं। कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी पहले ही शुरू हो चुकी है और देर रात तक गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान मौसम में ठंडक बढ़ सकती है। अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सभी लोगों को सुझाव दिया गया है कि वे आकाशीय बिजली से बचाव के उपायों का पालन करें।
बिहार में तापमान का हाल
बिहार के विभिन्न शहरों में मौसम और वायु गुणवत्ता को देखते हुए, पटना में अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 84 रहा। मुजफ्फरपुर का तापमान 35 और 28.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा और AQI 48 मापा गया, जो अपेक्षाकृत अच्छा माना जा सकता है। गया में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री और न्यूनतम 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जहां AQI 72 रहा। पूर्णिया में तापमान 35.7 और 27.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा और AQI सबसे बेहतर 46 रहा। वहीं भागलपुर में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहा, और AQI 66 दर्ज किया गया।
