Bihar Holidays Controversy: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आजकल काफी ज्यादा चर्चा में चल रहे हैं। उन्हें कभी विपक्षी एकता में सुर मिलाते तो कभी महिलाओं पर विवादित बयान देते हुए देखा जा रहा है। हालांकि इस बार नीतीश कुमार के चर्चा में आने का कारण है स्कूलों में छुट्टियों का फरमान। दरअसल, बिहार की धधकती सियासत को उस वक्त और हवा मिल गई जब बिहार में 12वीं कक्षा तक के लिए छुट्टियों का कैलेंडर जारी कर दिया गया। इस कैलेंडर को लेकर प्रदेश के कई BJP नेताओं पर इस पर अपना कड़ा विरोध प्रकट किया। नए कैलेंडर में छुट्टियों के स्थान पर महाशिवरात्रि, जन्माष्टमी और रक्षाबंधन जैसे कई त्योहारों के नाम नहीं हैं। इस पर भाजपा ने तंज कसते हुए ये भी कहा है कि, नीतीश सरकार बिहार को इस्लामिक स्टेट घोषित कर दे।
ईद पर तीन दिन की छुट्टी
शिक्षा विभाग के आदेश के मुताबिक, ईद के लिए अब 3 दिन की छुट्टी का ऐलान किया गया है। जहां 2023 में तीज के लिए दो दिन और जिउतिया के लिए एक दिन की छुट्टी की घोषणा हुई वहीं, इस बार इन छुट्टियों को भी रद्द कर दिया गया है। नीतीश सरकार पर तुष्टीकरण का आरोप लगाते हुए भाजपा प्रवक्ता अजय आलोक ने कहा कि, 'नीतीश सरकार दुर्गा पूजा की छुट्टियां पहले ही काट चुकी है, अब बिहार को इस्लामिक स्टेट घोषित कर दे, वही बेहतर होगा।'
गिरिराज भी बरसे
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर नीतीश सरकार के फैसले को 'इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ बिहार' की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि, 'नीतीश और लालू सरकार ने स्कूलों में मुस्लिम पर्व की छुट्टी बढ़ाई, हिंदु त्योहारों में छुट्टी की ख़त्म।' गिरिराज ने ये भी का कि, ' लालू यादव और नीतीश की सरकार जिस तरह से हिंदुओं पर अत्याचार कर रही है भविष्य में दोनों को मोहम्मद नीतीश और मोहम्मद लालू के नाम से जाना जाएगा।'
इनकी भी सुनें
केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने भी इस पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि, 'तुष्टिकरण के सरदार-बिहार के कुर्सी कुमार' एकबार फिर चाचा-भतीजे की सरकार का हिंदू विरोधी चेहरा सामने आया। एक तरफ स्कूलों में मुस्लिम पर्व की छुट्टी बढ़ाई जा रही हैं,वहीं हिंदु त्योहारों में छुट्टियां खत्म की जा रही हैं। लानत है वोटबैंक के लिए सनातन से घृणा करने वाली सरकार को।'
वहीं, सुशील कुमार मोदी ने हिन्दूओं के पर्व, त्योहारों की छुट्टियों को रद्द करने को हिन्दू विरोधी मानसिकता का परिचायक बताया।
