पटना

Bihar Flood: सड़कें टूटीं, डायवर्सन टूटे और नदियां उफान पर; बिहार में बाढ़ ने लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त किया

बिहार में इन दिनों भारी बारिश और बाढ़ के चलते कई जगहों पर डायवर्सन टूट गए हैं, जबकि कुछ जगहों पर पानी का तेज बहाव डायवर्सन के ऊपर से बह रहा है, जिससे लोगों को इधर-उधर जाने में दिक्कत हो रही है।इस खतरनाक स्थिति के बावजूद, कई लोग जान जोखिम में डालकर इन स्थानों पर आवाजाही कर रहे हैं।

Image

बिहार में बाढ़ से हाहाकार (Photo - PTI)

Photo : PTI

बिहार में मानसून देर से एक्टिव हुआ है, लेकिन अब भारी बारिश ने कई जिलों में तबाही मचा दी है। खासकर गयाजी, बांका और मुंगेर में हालात काबू से बाहर हैं। यहां पिछले दो-तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिसके कारण हवेली खड़गपुर प्रखंड क्षेत्र की नदियां उफान पर हैं।

हवेली खड़गपुर और तारापुर के बीच मुख्य मार्ग पर महकोला बुढ़िया नदी पर बनाया गया डायवर्सन तेज बहाव में बह गया, जिससे यहां पर आवागमन प्रभावित हुआ है। इसी तरह, डंगरी नदी पर बनाए गए डायवर्सन भी डूब गए हैं, जिससे स्थानीय लोग जोखिम उठाकर इसे पार कर रहे हैं।

बारिश के कारण कई स्थानों पर डायवर्सन टूट गए हैं या क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। जानकारों का कहना है कि अगर बारिश जारी रही, तो अन्य डायवर्सन को भी महकोला बासा की तरह नुकसान पहुंच सकता है, जिससे लोगों को और भी ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

वासुदेवपुर में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। यहां सड़क धसने से गाड़ियों का आवागमन बाधित हो गया है। सीवेज और पेयजल आपूर्ति के लिए खुदाई के बाद सड़कों की मरम्मत ठीक से नहीं की गई थी, जिसके कारण यह समस्या गंभीर हो गई है। नगर निगम प्रशासन एजेंसी से सड़कों की मरम्मत कराने में विफल साबित हो रहा है और बिल का भुगतान रोकने का बहाना बना रहा है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article