पटना

मेरे लिए बिहार पहले, बिहारी पहले... चिराग ने तोड़ी केंद्र की राजनीति पर चुप्पी

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले अपने केंद्र की राजनीति के मुद्दे पर चिराग पासवान ने अपनी राय मीडिया के सामने रखी। जिसमें उन्होंने कहा कि उनका राजनीति में आने का कारण बिहार और बिहारी हैं। मुख्यमंत्री पद पर बोलते हुए चिराग ने साफ किया कि बिहार में सीएम पद की कोई वैकेंसी नहीं है।

Image

बिहार चुनाव से पहले बोले केंद्र की राजनीति पर बोले चिराग

Photo : ANI

Bihar Election: केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने मीडिया से बात की जिसमें उन्होंने बिहार के विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी बात साफ की और अपने केंद्र की राजनीति के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी।

चिराग पासवान ने कहा कि, "मैंने पहले भी कहा है कि मैं खुद को लंबे समय तक केंद्र की राजनीति में नहीं देखता हूं। राजनीति में आने का एकमात्र कारण बिहार और बिहारी हैं। मेरा हमेशा से विजन रहा है 'बिहार पहले, बिहारी पहले' और मैं हमेशा चाहता हूं कि बिहार समृद्ध हो और दूसरे विकसित राज्यों के बराबर हो। तीसरी बार सांसद बनने के बाद मुझे एहसास हुआ कि दिल्ली में यह संभव नहीं होगा। मैंने पार्टी के सामने अपनी इच्छा जाहिर की थी कि मैं जल्द ही बिहार लौटना चाहता हूं... मेरी पार्टी अभी भी इस बात का मूल्यांकन कर रही है कि अगर मैं अभी विधानसभा चुनाव लड़ता हूं तो मेरी पार्टी को फायदा होगा या नहीं... अगर मेरा स्ट्राइक रेट बेहतर हुआ और मेरे गठबंधन का प्रदर्शन बेहतर हुआ, जिसकी संभावना काफी ज्यादा है, तो मैं जरूर चुनाव लड़ूंगा... बिहार में सीएम पद के लिए कोई वैकेंसी नहीं है। चुनाव के बाद नीतीश कुमार ही सीएम बनेंगे।"

इसके पहले रविवार को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद अरुण भारती ने केंद्रीय मंत्री और पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान के आगामी बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावना की ओर इशारा किया था। भारती ने यह भी कहा था कि हाल ही में राज्य कार्यकारिणी की बैठक के दौरान पार्टी नेताओं ने औपचारिक रूप से प्रस्ताव रखा कि पासवान बिहार की राजनीति में बड़ी भूमिका पर विचार करें। बकौल भारती, चिराग पासवान ने भी हर मंच से कहा है कि बिहार उनकी राजनीति का केंद्र है। हमने राज्य कार्यकारिणी की बैठक में उन्हें औपचारिक प्रस्ताव दिया था कि उन्हें बिहार आना चाहिए और बड़ी भूमिका निभाने के बारे में सोचना चाहिए। भारती ने यह भी कहा कि हम एक सर्वे कर रहे हैं, उस सर्वे का परिणाम आएगा और अगर सब कुछ ठीक रहा तो मुझे लगता है कि आने वाले समय में चिराग पासवान इन सभी बातों पर गंभीरता से विचार करेंगे और बिहार आकर चुनाव लड़ने के बारे में सोचेंगे। चिराग ने जो पार्टी के मूल्यांकन की बात कही वो इसी सर्वे की तरफ इशारा था।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article