Bihar News: बिहार के सरकारी स्कूलों की छुट्टियों में कटौती के बाद सरकार लगातार आलोचना झेल रही है। इसको लेकर शिक्षक संघ भी बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन की तैयारी कर रहा है। ऐसे में अब सरकार बैकफुट पर आती नजर आ रही है। ताजा जानकारी के मुताबिक, बिहार सरकार ने स्कूलों की छुट्टी में कटौती के फरमान को वापस ले लिया है।
शिक्षा विभाग की ओर से नया नोटिफिकेशन जारी किया गया है, जिसमें कहा गया है कि राजकीय, प्रारंभिक, माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालयों में निर्गत अवकाश तालिका को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाता है। इसी के साथ शिक्षा विभाग ने संशोधित छुट्टी कैलेंडर को रद्द कर दिया है।

Bihar school holidays
कई छुट्टियां की गई थी रद्द
बिहार के माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से 29 अगस्त को एक आदेश जारी किया गया था। इसके तहत शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों में तीज,रक्षाबंधन,जिउतया की छुट्टी रद्द की गई थी। दुर्गा पूजा,छठ पर मिलने वाली छुट्टी में कटौती हुई थी। 29 अगस्त को शिक्षा विभाग ने संशोधित छुट्टी की सूची जारी की थी, जिसके तहत सितंबर से दिसंबर तक पड़ने वाली 23 छुट्टियों के घटाकर 11 कर दिया गया था। शिक्षा विभाग की ओर से जारी किए गए आदेश में बताया गया था कि स्कूलों को कम से कम 220 दिन खुलना चाहिए। सभी विद्यालयों में 220 दिन वर्किंग डे होना अनिवार्य है, ऐसा न होने पर बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है।
शिक्षकों ने दी थी हड़ताल की चेतावनी
बिहार सरकार की ओर से जारी आदेश के बाद सियासत भी काफी तेज हो गई थी। विपक्षी दल भाजपा ने नीतीश सरकार के इस फैसले का भारी विरोध किया था और नीतीश कुमार पर निशाना भी साधा था। इसके अलावा शिक्षक भी इस फैसले से नाराज थे और शिक्षक संघ ने पांच सितंबर यानी शिक्षक दिवस वाले दिन विरोध प्रदर्शन को लेकर घोषणा भी की थी। इसके अलावा हड़ताल की भी चेतावनी दी थी।
