Bihar Crime: बिहार की राजधानी पटना में एक बार फिर अपराधियों का तांडव देखने को मिला है। पटना में आम लोगों के साथ-साथ खास लोग भी अपराधियों के निशाने पर है। इसी कड़ी में अपराधियों ने पटना सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र के बजरंगपुरी इलाके में बीजेपी नेता अजय साह को घर के पास गोली मार कर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है। बताया जाता है कि मृतक अजय साह भाजपा के बजरंगपुरी मंडल के पूर्व महामंत्री थे। फिलहाल पुलिस आस पास में लगे सीसीटीवी फुटेज की छानबीन कर रही है ताकि अपराधियों की पहचान हो सके। बता दें इससे पहले बिहार की राजधानी पटना में ही 25 अप्रैल को जेडीयू नेता सौरव कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गोली लगने के बाद सौरव कुमार को कंकड़बाग के उमा अस्पताल भेजा गया था जहां उनकी माौत हो गई थी।
पुलिस कर रही मामले की जांच
जानकारी के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पटना सिटी एएसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस घटना से जुड़े हर बिंदु पर छानबीन कर रही है। घटनास्थल पर पहुंचे पटना सिटी एएसपी शरथ आरएस ने बताया कि एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। परिजनों का बयान लिया जा रहा है। दो की संख्या में रहे बदमाश बूथ पर पहुंचे और फिर कहासुनी के बाद उन्होंने फायरिंग कर दी।
इस पूरे मामले में पुलिस का कहना है कि परिजनों से पूछताछ की जा रही है कि घटना का कारण क्या हो सकता है। त्वरित रूप से पुलिस की टीम कार्य कर रही है। अभी तक की जांच में यह सामने आया है कि दो अज्ञात बदमाश बाइक से पहुंचे थे। उन्होंने ही घटना को अंजाम दिया है।
