शहर

दिल्ली के समर्थन में मुंबई में बवाल, महिलाओं को पुलिस ने घसीटा, हिरासत में कांग्रेसी; मैदान में आदित्य-राज ठाकरे

मुंबई में प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, उन्हें जबरन वहां से हटाया गया और वैन में कोलाबा पुलिस थाना ले जाया गया। कांग्रेस नेता सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं को संविधान की प्रति सौंपना चाहते थे।

Image

मुंबई में छात्रों का प्रदर्शन

मुंबई में कई जगहों पर लोगों ने परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ दिल्ली में प्रदर्शन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के समर्थन में धरना दिया और इस दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया गया। दक्षिण मुंबई के एक चौराहे से पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को जबरन हटा दिया। पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, कांग्रेस पार्टी विधायक दल (सीएलपी) नेता विजय वडेट्टीवार और पूर्व राज्य मंत्री नसीम खान समेत कई वरिष्ठ नेताओं को रीगल सिनेमा चौक पर उस समय रोक दिया, जब वे दक्षिण मुंबई में महाराष्ट्र भाजपा कार्यालय की ओर जा रहे थे।

मोदी हटाओ देश बचाओ-प्रदर्शनकारी

न्यूज एजेंसी पीटीआई/भाषा के हवाले से प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, उन्हें जबरन वहां से हटाया गया और वैन में कोलाबा पुलिस थाना ले जाया गया। कांग्रेस नेता सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं को संविधान की प्रति सौंपना चाहते थे। प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने ’मोदी हटाओ, देश बचाओ’ जैसे नारे लगाए।

दिन में मुंबई में कई जगहों पर सैकड़ों लोग जमा हुए और कथित नीट प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ निषेधाज्ञा का उल्लंघन करते हुए विरोध प्रदर्शन किया, जिसके चलते कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि भारी पुलिस तैनाती के बीच चेंबूर में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर गार्डन में सैकड़ों प्रदर्शनकारी जमा हुए। चश्मदीदों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और उनमें से कुछ को घसीटकर पुलिस की गाड़ियों में डालकर स्थानीय थाने ले गई।

शिवसेना (उबाठा) के विधायक आदित्य ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता अमित ठाकरे प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और बाद में पुलिस थाना गए। सूत्रों ने बताया कि दोनों नेताओं के हस्तक्षेप के बाद हिरासत में लिये गए प्रदर्शनकारियों को छोड़ दिया गया। दादर के शिवाजी पार्क में, बुर्का पहनी एक महिला को विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों ने रोक लिया। मनसे प्रमुख राज ठाकरे की पत्नी शर्मिला उसके समर्थन में आईं और प्रदर्शन के दौरान उसके पास बैठ गईं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article