Bihar Elections 2025: नीतीश कुमार कैबिनेट ने शुक्रवार को बड़ी राहत देते हुए 125 यूनिट प्रतिमाह फ्री बिजली वाली योजना पर मुहर लगा दी है। अब 125 यूनिट तक बिजली के लिए किसी को कोई भुगतान नहीं करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में कैबिनेट ने ऊर्जा विभाग के इस प्रस्ताव को मंजूरी दी।
क्या है पूरा मामला?
राज्य के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (IPRD) की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि राज्य सरकार इस उद्देश्य के लिए बिहार राज्य पावर होल्डिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड को बिजली खपत पर 3,797 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भुगतान करेगी। बिहार सरकार घरेलू उपभोक्ताओं को छतों पर 1.1 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए भी वित्तीय सहायता प्रदान करेगी।
राज्य सरकार में ऊर्जा मंत्री और जदयू नेता विजेंद्र प्रसाद यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार पहला राज्य है, जो सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए 125 यूनिट बिजली फ्री करने का निर्णय लिया है। सनद रहे कि नीतीश कुमार ने 17 जुलाई को घोषणा की थी कि राज्य भर के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को एक अगस्त से हर महीने 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त मिलेगी। इस फैसले से राज्य के लगभग 1.67 करोड़ परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
