बिहार विधासनभा चुनाव 2025 के लिए महागठबंधन की चौथी बैठक 12 जून को पटना में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आवास पर आयोजित की गई। इस बैठक में महागठबंधन की कोऑर्डिनेशन कमिटी के अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने सभी घटक दलों से चुनाव लड़ने वाली सीटों का ब्योरा मांगा है।
सभी दलों को अगली बैठक से पहले यह जानकारी कमिटी को देने के लिए कहा गया है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) के विधायक अजय कुमार ने बताया कि बैठक में कानून व्यवस्था को लेकर संयुक्त आंदोलन करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया है।
महागठबंधन नीतीश सरकार को कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर घेरने की योजना बना रहा है। महागठबंधन में आरजेडी, कांग्रेस, सीपीआई, सीपीएम, सीपीआई-माले और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) शामिल हैं। सीट शेयरिंग का फॉर्मूला कोऑर्डिनेशन कमिटी द्वारा तय किया जाएगा, जिसमें सभी घटक दलों के सदस्य शामिल हैं।
हालांकि, बैठक से पहले ही सीटों को लेकर टकराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। सीपीआई-माले ने 45 विधानसभा सीटों पर अपनी तैयारी का दावा किया, जिससे सीपीआई भड़क गई और इसे गठबंधन धर्म का उल्लंघन बताया। वीआईपी के मुकेश सहनी ने भी 60 सीटों की मांग दोहराई है, जिससे सभी दलों में बेचैनी बढ़ रही है। अगली बैठक की तारीख और स्थान की जानकारी अभी तक नहीं दी गई है।
