Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस पार्टी ने अपने सभी 17 मौजूदा विधायकों पर भरोसा जताया है। दिल्ली में शुक्रवार को हुई स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में तय किया गया कि कांग्रेस अपने किसी भी वर्तमान विधायक का टिकट नहीं काटेगी। पार्टी ने 17 सीटिंग सीटों पर प्रत्याशियों को फाइनल कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार, शेष सीटों पर फैसला महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे के बाद ही लिया जाएगा। यह प्रक्रिया नवरात्रि के बाद पूरी होने की संभावना है। कांग्रेस का यह कदम मौजूदा विधायकों के प्रति विश्वास जताने और संगठन में एकजुटता बनाए रखने के तौर पर देखा जा रहा है।
बिहार में कांग्रेस के मौजूदा 17 विधायक
1. अररिया – अविदुर रहमान
2. किशनगंज – इजाहरुल हुसैन
3. कसबा – मोहम्मद आफाक आलम
4. कदवा – शकील अहमद खान
5. मनिहारी – मनोहर प्रसाद सिंह
6. मुजफ्फरपुर – बिजेंद्र चौधरी
7. करगहर – संतोष मिश्रा
8. कुटुंबा – राजेश राम
9. औरंगाबाद – आनंद शंकर सिंह
10. हिसुआ – नीतू कुमारी
11. महाराजगंज – विजय शंकर दुबे
12. राजापाकर – प्रतिमा दास
13. खगड़िया – छत्रपति यादव
14. भागलपुर – अजीत शर्मा
15. जमालपुर – अजय कुमार सिंह
16. बक्सर – संजय कुमार तिवारी
17. राजपुर – विश्वनाथ राम
बैठक से नदारद रहे तारिक अनवर
दिल्ली में हुई स्क्रीनिंग कमेटी की अहम बैठक से कांग्रेस सांसद तारिक अनवर अनुपस्थित रहे। उन्हें बैठक में सुझाव देने के लिए बुलाया गया था, लेकिन वे शामिल नहीं हुए। पार्टी सूत्रों का कहना है कि तारिक अनवर स्क्रीनिंग प्रक्रिया से असंतुष्ट हैं। उनका तर्क है कि जब सीट बंटवारे का फैसला ही नहीं हुआ, तो उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग का औचित्य क्या है। संभावना है कि वे अपने सुझाव सीधे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखकर भेजेंगे। बताया जा रहा है कि 17 सितंबर को पटना में हुई प्रदेश इलेक्शन कमेटी की बैठक में भी इस मुद्दे पर तारिक अनवर ने असहमति जताई थी।
