Bihar Patna Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: बिहार में मौसम ने करवट बदल ली है। लोगों को तपिश से राहत मिली है। पटना सहित प्रदेश के सभी जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बिहार के 15 जिलों के लिए आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश से तापमान में काफी गिरावट आने की उम्मीद है। राजधानी पटना की बात करें तो इस पूरे सप्ताह यहां बारिश और आंधी की संभावना है।
कैसा रहेगा आज का मौसम
आज, मंगलवार को पटना के आसमान में ज्यादातर बादल रहेंगे और बारिश के साथ धूल भरे तूफान की संभावना है। इस पूरे सप्ताह राजधानी में बारिश का दौर चलेगा और तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। आज का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया जाएगा। बीते 24 घंटों के दौरान गोपालगंज, मोतिहारी, कटिहार जिले में आंधी चली। इसी के साथ दरभंगा, मधुबनी, किशनगंज, पूर्वी चंपारण, सुपौल, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, बेगूसराय, सहरसा जिले के अलग-अलग भागों में वर्षा दर्ज की गई।
आंधी-पानी की चेतावनी
चेतावनी की बात करें तो प्रदेश के पूर्वी और पश्चिम चंपारण, शिवहर , सीतामढ़ी, मधुबनी, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, भभुआ, जमुई, बांका, भागलपुर, रोहतास में वज्रपात, मेघ गर्जन और 40-50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। पूरे बिहार की बात करें तो अलग-अलग हिस्सों को लेकर 2 मई तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। जो तूफान, वज्रपात और बारिश को लेकर है।
