Patna News: बिहार पुलिस मध्य निषेध विभाग की परीक्षा में शामिल होने जा रहे अभ्यर्थियों का गुस्सा रविवार को पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर फूट पड़ा। ट्रेनों के विलंब और परीक्षा केंद्रों की दूरी को लेकर छात्रों ने ट्रैक जाम कर दिया। देखते ही देखते प्रदर्शन हिंसक हो गया और स्टेशन परिसर में तोड़फोड़ तथा पथराव शुरू हो गया। पथराव में आईजी जितेंद्र राणा समेत कई पुलिस अधिकारी घायल हुए। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया, चेतावनी के तौर पर गोलियां चलाईं और लाठीचार्ज किया।
हंगामे के कारण राजधानी एक्सप्रेस सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनें प्रभावित रहीं और कई ट्रेनों का रूट बदलना पड़ा। भारी पुलिस बल की तैनाती के बाद स्थिति पर काबू पाया गया। दानापुर के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर आज बिहार पुलिस मध्य निषेध विभाग की परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया।
छात्रों ने रेलवे ट्रैक पर उतरकर लगाया जाम
परीक्षा केंद्र दूर होने तथा ट्रेनें विलंब से चलने के कारण नाराज छात्रों ने रेलवे ट्रैक पर उतरकर जाम लगा दिया, जिससे रेल परिचालन पूरी तरह प्रभावित हो गया। स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब प्रदर्शनकारी छात्र रेलवे ट्रैक पर लेट गए और परीक्षा रद्द करने की मांग करने लगे। हंगामे के कारण पाटलिपुत्र स्टेशन से होकर गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया। राजधानी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को बीच रास्ते में रोका गया, जबकि कई ट्रेनों का रूट बदलना पड़ा।
अधिकारियों ने छात्रों को की समझाने की कोशिश
सूचना मिलते ही रेल आईजी जितेंद्र राणा, रेल एसपी, आरपीएफ तथा जिला पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी और थाना अध्यक्ष मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी और उग्र हो गए। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच झड़प की स्थिति बन गई।
हंगामे के दौरान प्रदर्शनकारियों द्वारा किए गए पथराव में रेल आईजी जितेंद्र राणा घायल हो गए। कई थाना अध्यक्षों, पुलिसकर्मियों और जवानों को भी चोटें आई हैं। उग्र भीड़ ने स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर तोड़फोड़ भी की, जिससे रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचा।
असामाजिक तत्वों ने बार-बार आपातकालीन व्यवस्था का उल्लंघन किया: पटना डीएम
घटना की जानकारी देते हुए पटना के डीएम डॉ. थियागराजन ने कहा, "लगभग आधी रात को हमें सूचना मिली कि कुछ लोग उपद्रव कर रहे हैं। हमने उनसे बार-बार अनुरोध किया कि वे हंगामा न करें और परीक्षा देने के इच्छुक परीक्षार्थियों के साथ सहयोग करें। हालांकि, कुछ असामाजिक तत्वों ने बार-बार आपातकालीन व्यवस्था का उल्लंघन किया और विभिन्न मांगें रखीं, जैसे कि विशेष ट्रेनों की मांग, जबकि दो विशेष ट्रेनें पहले से ही उपलब्ध थीं। उन्होंने परीक्षा देने के इच्छुक छात्रों को भी रोका। इन समस्याओं के कारण हमें हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। अब स्थिति पूरी तरह से सामान्य है और ट्रेनें रवाना हो चुकी हैं; परीक्षा देने वालों के लिए बनी ट्रेनें पहले ही रवाना हो चुकी हैं। रेल सेवाएं भी सामान्य रूप से चल रही हैं।"
जितेंद्र राणा हाथ में पिस्तौल लेकर मोर्चा संभालते दिखे
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रेल आईजी जितेंद्र राणा हाथ में पिस्तौल लेकर मोर्चा संभालते और पुलिस बल का नेतृत्व करते दिखाई दिए। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। फिलहाल भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है। रेलवे प्रशासन प्रभावित ट्रेनों के परिचालन को सामान्य करने में जुटा है, जबकि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
