शहर

पटना में भीषण सड़क हादसा; ट्रक ने ऑटो के उड़ाए परखच्चे, एक्सीडेंट में 6 की मौत

बिहार की राजधानी पटना से सटे बिहटा इलाके में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार ट्रक और ऑटो की आमने-सामने की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

Image

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त ऑटो

Photo : Times Now Digital

Patna Accident: बिहार की राजधानी पटना से सटे बिहटा में शनिवार की रात एक ऐसा कहर बनकर टूटी, जिसने कई परिवारों के चिराग बुझा दिए। मनेर दरगाह में उर्स का मेला देखकर लौट रहे लोगों से भरे एक ऑटो को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। यह भिड़ंत इतनी भयानक थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 5 लोगों की मौके पर ही सांसें थम गईं, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी उम्र महज एक और दो साल थी।

नींद में डूबे थे, तभी काल बनकर आया ट्रक

हादसा रात के करीब 2 बजे बिहटा थाना क्षेत्र के लेखन टोला के पास हुआ। आरा के दौलतपुर गांव के रहने वाले लोग मनेर दरगाह में इबादत कर और उर्स की रौनक देख ऑटो से अपने घर लौट रहे थे। रात का सन्नाटा था और थके हुए यात्री ऑटो में सो रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया।

मृतक एक ही गांव के लोग

इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग आरा जिले के दौलतपुर गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय मो. इम्तियाज, 32 वर्षीय मो. गुड्डु और 22 वर्षीय मो. सहजाद के रूप में हुई है। वहीं, इस हादसे ने 1 साल के मासूम सफान और 2 साल की अल्फी को भी नहीं बख्शा। मो. सज्जाद नाम का युवक अस्पताल में जिंदगी की जंग हार बैठा। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। रात के अंधेरे में चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी। बिहटा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और बिहटा रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। तीन घायलों की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।

गांव में पसरा मातम

जैसे ही यह खबर आरा के दौलतपुर गांव पहुंची, वहां कोहराम मच गया। उर्स मेले की खुशियां एक झटके में मातम में तब्दील हो गईं। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article