Nalanda News: बिहार के नालंदा जिले के एकंगरसराय थाना क्षेत्र में रविवार शाम बाइक से घर लौट रहे पंचायत समिति सदस्य श्याम प्रसाद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात तारापुर गांव के पास हुई, जहां पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया। गोली लगने के बाद श्याम प्रसाद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान अमनारखास पंचायत के पंचायत समिति सदस्य और जगाई गांव निवासी गनौरी बिन्द के 45 वर्षीय पुत्र श्याम प्रसाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह एक प्राइवेट अस्पताल में ड्यूटी खत्म करने के बाद बाइक से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान तारापुर गांव के समीप बदमाशों ने बेहद करीब से उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनके गले में लगी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
आरोपियों की गिरफ्तारी की उठी मांग
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर वहां से भाग चुके थे। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। हत्या से नाराज लोगों ने शव को एकंगरसराय चौक के पास रखकर सड़क पर आवागमन रोक दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों के मुताबिक, श्याम प्रसाद की किसी व्यक्ति से दुश्मनी थी या नहीं, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। हत्या के पीछे की वजह भी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस ने वारदात के बाद आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सुराग जुटाए जा रहे हैं।
पूरे मामले की जांच फिलहाल जारी
सड़क जाम की सूचना मिलने पर हिलसा डीएसपी-2 कुमार ऋषिराज कई थानों की पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। अधिकारियों ने जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया, जिसके बाद काफी देर के बाद लोगों ने सड़क से जाम हटाया। डीएसपी कुमार ऋषिराज ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के साथ-साथ पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
