दिल्ली : गुजरात एटीएस, भारतीय तटरक्षक बल और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने संयुक्त अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने ईरानी नाव से 526 किलोग्राम मेथामफेटामाइन और हेरोइन बरामद की है। माना जा रहा है कि वे समुद्री रास्ते से भारत में नशे की खेप पहुंचाना चाहते थे, लेकिन एजेंसियों ने सतर्कता दिखाते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने X पर पोस्ट कर कहा कि सरकार देश के युवाओं को नशे के खतरे से बचाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह कार्रवाई लक्षद्वीप से करीब 160 नॉटिकल मील उत्तर-पश्चिम और मुंबई से लगभग 490 नॉटिकल मील दक्षिण-पश्चिम में की गई। अभियान के दौरान पांच पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले की आगे जांच की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ड्रग्स की खेप के संभावित प्राप्तकर्ताओं की पहचान की जा सके।
जानकारी के मुताबिक, यह अभियान 16 दिनों तक चला और इसमें एक ईरानी नाव को भी जब्त किया गया। इस कार्रवाई को विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय और सहयोग का उदाहरण बताया गया है।
बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 3,000 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। कार्रवाई के दौरान नाव पर सवार पांच पाकिस्तानी नागरिकों को भी गिरफ्तार किया गया। तटरक्षक बल के मुताबिक, संदिग्ध नाव और गिरफ्तार किए गए पांचों लोगों को आगे की जांच के लिए मुंबई लाया गया है। मामले में विभिन्न एजेंसियां मिलकर जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भारतीय तटरक्षक बल ने कहा कि वह समुद्री सीमाओं की सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क को रोकने के लिए लगातार अभियान चला रहा है। इस कार्रवाई को समुद्री मार्ग से होने वाली नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।
