शहर

Pahalgam Terror Attack: स्पेशल ट्रेन से घर भेजे जाएंगे पर्यटक, आज कटरा से दिल्ली के लिए होगी रवाना; यहां होंगे स्टॉपेज

Pahalgam Terror Attack : पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद जम्मू के विभिन्न स्थानों से पर्यटक अपने-अपने घरों को लौटना चाहते हैं। लिहाजा, भारतीय रेलवे ने कटरा से नई दिल्ली के बीच आज 9 बजकर 20 मिनट पर विशेष अनारक्षित ट्रेन चलाई जा रही।

Image

(फाइल फोटो)

Pahalgam Terror Attack: जम्मू कश्मीर की अपनी यात्रा को छोड़कर अपने गंतव्य पर लौटने वाले यात्रियों के लिए रेलवे बुधवार रात नौ बजकर 20 मिनट पर कटरा से नयी दिल्ली के लिए एक विशेष अनारक्षित ट्रेन का परिचालन करेगा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। खबरों के अनुसार पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद जम्मू के विभिन्न स्थानों से पर्यटक अपने-अपने घरों को लौटना चाहते हैं। उत्तर रेलवे (एनआर) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु उपाध्याय ने कहा, ‘‘इसकी आवश्यकता को देखते हुए हमने सभी श्रेणी के यात्रियों के लिए उनके गृह क्षेत्र लौटने के मकसद से तत्काल एक विशेष ट्रेन की व्यवस्था की है।’

कटरा-दिल्ली स्पेशल ट्रेन

यह रेलगाड़ी श्री वैष्णो देवी कटरा से रात नौ बजकर 20 मिनट पर रवाना होकर उधमपुर, जम्मू, पठानकोट, जालंधर, अंबाला, कुरुक्षेत्र और पानीपत जैसे स्टेशन पर रुकेगी और बृहस्पतिवार सुबह साढ़े नौ बजे नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।। उपाध्याय ने बताया, ‘‘इस ट्रेन में सात सामान्य, आठ स्लीपर और तीन वातानुकूलित कोच होंगे। उन्होंने कहा कि अगर यात्रियों की संख्या इस ट्रेन की क्षमता से अधिक हो जाती है, तो हमारे पास जल्द से जल्द ऐसी और विशेष ट्रेन के परिचालन की भी योजना है।

उपाध्याय ने बताया कि उत्तर रेलवे ने यात्रियों को ट्रेन के समय और उनकी सेवाओं के बारे में सहायता देने के लिए जम्मू तवी तथा श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन पर हेल्प डेस्क भी स्थापित किए हैं। इसके अलावा, जम्मू तवी रेलवे स्टेशन के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article