Kedarnath Trek Route Accident: केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यात्रा के दौरान शॉर्टकट रास्ते का इस्तेमाल दो युवकों के लिए जानलेवा साबित हुआ। केदारनाथ पैदल मार्ग पर खाई में गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद एसडीआरएफ, वाईएमएफ और पुलिस ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया।
दोनों गहरी खाई में जा गिरे
रुद्रप्रयाग जिले के केदारनाथ पैदल मार्ग पर बुधवार दोपहर पोल संख्या 337 से 340 के मध्य दो युवक शॉर्टकट रास्ते से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों गहरी खाई में जा गिरे। घटना की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने तत्काल एसडीआरएफ, वाईएमएफ और पुलिस टीमों को मौके पर रवाना किया।
इस तरह किया गया रेस्क्यू
दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में चले रेस्क्यू अभियान के दौरान एसडीआरएफ ने एक युवक को गंभीर हालत में खाई से निकालकर एमआरपी छोटी लिनचोली पहुंचाया। चिकित्सकीय जांच में उसके पैर में फ्रैक्चर पाया गया, जिसके बाद उसे बेहतर उपचार के लिए गौरीकुंड भेजा गया। वहीं दूसरे युवक को YMF और आपदा मित्रों की टीम ने रेस्क्यू कर एमआरपी भीमबली पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के शव को वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा जा रहा है।
यात्रियों के लिए चेतावनी है यह हादसा
घायल युवक की पहचान दिल्ली निवासी 27 वर्षीय मोहित पुत्र ओमवीर के रूप में हुई है, जबकि हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान फर्रुखाबाद उत्तर प्रदेश निवासी 27 वर्षीय प्रियांशु शुक्ला पुत्र नरेंद्र शुक्ला के रूप में हुई है। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर हुआ यह हादसा एक बार फिर यात्रियों को चेतावनी देता है कि निर्धारित मार्गों को छोड़कर शॉर्टकट का इस्तेमाल जानलेवा साबित हो सकता है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से केवल अधिकृत और सुरक्षित मार्गों पर ही यात्रा करने की अपील की है।
