शहर

Odisha Police Encounter: भद्रक में पुलिस-बदमाश के बीच मुठभेड़, कुख्यात अपराधी पप्पू के पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती

Odisha Police Encounter: ओडिशा के भद्रक जिले में गुरुवार तड़के पुलिस और कुख्यात बदमाश प्रफुल्ल मलिक उर्फ पप्पू के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि हाथापाई में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।

Image

पुलिस की कार्रवाई में घायल हुआ बदमाश

Photo : iStock

Odisha Police Encounter: ओडिशा के भद्रक जिले में गुरुवार तड़के पुलिस और एक कुख्यात बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि हाथापाई में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक सभी घायल पुलिसकर्मियों की हालत ठीक है और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। यह घटना गुरुवार सुबह करीब तीन बजे भद्रक ग्रामीण थाना क्षेत्र (Bhadrak Encounter News) के नुआसाही इलाके में हुई। घायल बदमाश की पहचान बालासोर जिले के अनंतपुर थाना क्षेत्र के दंडहरीपुर गांव निवासी प्रफुल्ल मलिक उर्फ पप्पू के रूप में हुई है।

अलग-अलग थानों में करीब 25 आपराधिक मामले दर्ज

पुलिस का कहना है कि पप्पू के खिलाफ भद्रक और बालासोर जिलों के अलग-अलग थानों में करीब 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं। जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि पप्पू अपने एक साथी के साथ किसी बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसके ठिकाने पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही पप्पू ने कथित तौर पर देशी कट्टे से दो राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें पप्पू के दाहिने पैर में गोली लग गई।

पुलिस लगातार कर रही छापेमारी

मुठभेड़ के दौरान हुई धक्का-मुक्की में भद्रक ग्रामीण थाना के इंस्पेक्टर सुब्रत दास, सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) श्रीकांत जेना और एक कांस्टेबल को मामूली चोटें आईं। हालांकि, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत नहीं पड़ी। घायल पप्पू को पहले भद्रक जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत स्थिर बताई। बाद में बेहतर इलाज के लिए उसे कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से एक देशी कट्टा, दो इस्तेमाल किए गए कारतूस और दो जिंदा गोलियां बरामद की हैं। वहीं, पप्पू का एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article