Odisha Balasore Petrol Pump Loot: ओडिशा के बालासोर जिले से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां के बस्ता थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने रात के अंधेरे में एक पेट्रोल पंप पर धावा बोला और बंदूक की नोक पर लूटपाट की वारदात को अंजाम देकर आसानी से रफूचक्कर हो गए। यह पूरी खौफनाक वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
यह सनसनीखेज मामला बस्ता इलाके के दराडा पेट्रोल पंप (Gunpoint Robbery Balasore Odisha) का है। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजकर 22 मिनट पर जब चारों तरफ सन्नाटा पसरने लगा था, तभी बाइक सवार दो हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे। उस वक्त पेट्रोल पंप का एक कर्मचारी रोजाना की तरह एक ग्राहक की गाड़ी में पेट्रोल भर रहा था। जैसे ही वह ग्राहक पेट्रोल डलवाकर वहां से आगे बढ़ा, उसके ठीक कुछ ही सेकंड बाद दोनों बदमाश कर्मचारी के बिल्कुल करीब पहुंच गए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'टिन्नू ने अखिलेश यादव को चोरी के बारे में बताया था', राम मंदिर चंदा विवाद पर महामंडलेश्वर का बड़ा दावा, बोले-चंपत राय को जेल जाना होगा
बदमाश ने सीधे तान दी पिस्तौल
कर्मचारी कुछ समझ पाता, इससे पहले ही एक बदमाश ने उस पर सीधे पिस्तौल तान दी। बदमाशों ने कर्मचारी को जान से मारने की सीधी धमकी दी, जिससे वह बुरी तरह डर गया। इसके बाद बदमाशों ने काउंटर और कर्मचारी के पास मौजूद सारी नकदी समेटी और पलक झपकते ही मौके से फरार हो गए। वारदात के तुरंत बाद पेट्रोल पंप प्रबंधन ने बिना वक्त गंवाए बस्ता थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है, जिसमें बदमाशों के चेहरे और उनकी हरकतें साफ नजर आ रही हैं। फिलहाल पुलिस इस फुटेज के आधार पर हुलये की पहचान करने में जुटी है। लेकिन इस घटना ने स्थानीय लोगों और व्यापारियों के बीच सुरक्षा को लेकर एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
