Delhi Mumbai Expressway Accident: हरियाणा के नूंह जिले में दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली की ओर जा रही एक तेज़ रफ्तार कार अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और कई बार पलटते हुए एक्सप्रेसवे के किनारे स्थित ग्रीन बेल्ट में जा गिरी। तेज रफ्तार के कारण वहां धूल का घना गुबार फैल गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें कार के पलटने और लोगों के तुरंत मौके पर दौड़कर मदद करने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद कार के दरवाजे खोलकर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह टूट गया। कार में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें चार महिलाएं शामिल थीं। पिछली सीट पर बैठी एक यात्री फंस गई थी, जबकि कार चला रहा युवक बेहोश हो गया। राहत की बात यह रही कि सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी को गंभीर चोट नहीं लगी। यह घटना फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र के गांव महू चोपड़ा के पास रविवार देर शाम हुई।
पांच लोग थे सवार
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसे के समय कार में सवार परिवार जयपुर की ओर जा रहा था। वाहन में कुल पांच लोग थे तीन महिलाएं, एक बच्ची और एक पुरुष। जैसे ही कार महू चोपड़ा इलाके के पास पहुंची, चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार अनियंत्रित होकर 50 मीटर तक पलटती हुई ग्रीन बेल्ट में जा धंसी। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी का पिछला हिस्सा बुरी तरह टूट गया।
आसपास के लोगों ने की मदद
घटना देखते ही आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए भागकर पहुंचे और कार को सीधा करने की कोशिश की। परिवार के सदस्य भीतर ही फंस गए थे, जबकि एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार से वाहन गुजर रहे थे। इसके बावजूद लोगों ने सड़क पार कर साहस दिखाते हुए कार के दरवाज़े खोले और एक-एक करके सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। सामने की सीट पर एक महिला बैठी थी, जबकि पीछे तीनों महिलाएँ मौजूद थीं।
अफरातफरी का माहौल
खबर के अनुसार कार में एक ही परिवार के सदस्य मां, बेटा, बहू और उनकी दो बेटियां यात्रा कर रहे थे। हादसे के बाद जब लोग मौके पर पहुंचे, तो कार के अंदर अफरातफरी का माहौल था और चीख-पुकार सुनाई दे रही थी। लोगों ने पानी पिलाकर उन्हें संभालने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि दुर्घटना देखकर ड्राइवर घबरा गया और बेहोश हो गया, जिसे आसपास के लोगों ने सहारा दिया और पानी देने के बाद उसकी तबियत में कुछ सुधार हुआ।
कई बार पलटती कार
इसके बाद परिवार के सदस्य दूसरी गाड़ी की मदद से वहां से रवाना हो गए। चश्मदीदों का कहना है कि कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह कई बार पलटते हुए सड़क के बीच मौजूद ग्रीन बेल्ट में जा अटकी। कार रुकने के साथ ही चारों ओर धूल का घना गुबार उठ गया, जिससे कुछ समय के लिए वाहन दिखाई देना बंद हो गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह कार का टायर फटना बताया जा रहा है।
