शहर

Nuh Encounter: नूंह में पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात गौ-तस्कर शाहिद ढेर, सोहना अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

Nuh Encounter: नूंह के सिलानी गांव के पास पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात गौ-तस्कर शाहिद उर्फ आडवाणी मारा गया। सीएस स्टाफ पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई में घायल होने पर मौत।

Image

गौ-तस्कर शाहिद उर्फ आडवाणी

Photo : Times Now Digital

Nuh Encounter: हरियाणा के नूंह जिले में गुरुवार तड़के पुलिस के साथ हुई एक मुठभेड़ में कुख्यात और वांछित गौ-तस्कर शाहिद उर्फ आडवाणी ढेर हो गया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान गोली लगने से घायल हुए इस शातिर अपराधी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान शाहिद उर्फ आडवाणी पुत्र जुम्मे खां, निवासी खड़खड़ी, तावडू के रूप में हुई है, जो लंबे समय से पुलिस की वॉन्टेड लिस्ट में शामिल था।

सिलानी गांव के पास कैसे हुई मुठभेड़?

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना गुरुवार तड़के करीब 4 बजे नूंह के गांव सिलानी के पास हुई। फिरोजपुर झिरका का क्राइम स्टाफ वॉन्टेड अपराधी शाहिद की तलाश में जुटा था और उसका लगातार पीछा कर रहा था। खुद को घिरता देख अपराधी शाहिद ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा और जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें शाहिद गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

मुठभेड़ में घायल होने के तुरंत बाद पुलिस ने उसे कड़ी सुरक्षा के बीच सोहना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के शव को फिलहाल सोहना मॉर्चरी में रखा गया है। घटना की सूचना मिलते ही रोजकामेव के थाना प्रबंधक (SHO) और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। गौरतलब है कि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मारा गया शाहिद उर्फ आडवाणी एक बेहद शातिर और खूंखार किस्म का अपराधी था। उसके खिलाफ गौ-तस्करी के कई गंभीर मुकदमे दर्ज थे और वह पहले भी एक बार पुलिस हिरासत से फरार हो चुका था।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article