शहर

पंजाब में AAP को झटका, चन्नी को हराने वाले विधायक ने छोड़ी पार्टी, सुखबीर बादल ने दिलाई अकाली दल की सदस्यता

पंजाब में AAP को बड़ा झटका लगा है। चमकौर साहिब से AAP विधायक डॉ. चरणजीत सिंह ने पार्टी छोड़कर शिरोमणि अकाली दल का दामन थाम लिया है। उन्होंने 2022 के चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को हराया था।

Image

डॉ. चरणजीत सिंह ने सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में सदस्यता ली

Punjab Politics: पंजाब की राजनीति में एक बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। आम आदमी पार्टी (AAP) को झटका देते हुए चमकौर साहिब विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ. चरणजीत सिंह शिरोमणि अकाली दल में शामिल हो गए हैं। चंडीगढ़ के सेक्टर-9 स्थित आवास पर अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली। सुखबीर बादल ने उनका पार्टी में स्वागत किया। डॉ. चरणजीत सिंह का अकाली दल में शामिल होना इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि उन्होंने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में तत्कालीन मुख्यमंत्री और कांग्रेस उम्मीदवार चरणजीत सिंह चन्नी को हराकर सबका ध्यान खींचा था। अब उनके पाला बदलने से पंजाब में सियासी हलचल तेज हो गई है।

2022 में चन्नी को दी थी शिकस्त

2022 के विधानसभा चुनाव में चमकौर साहिब सीट पर मुकाबला काफी चर्चा में रहा था। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार डॉ. चरणजीत सिंह ने कांग्रेस के चरणजीत सिंह चन्नी को 7,942 वोटों से हराया था। चुनाव में डॉ. चरणजीत सिंह को 70,248 वोट मिले थे, जबकि चरणजीत सिंह चन्नी के खाते में 62,306 वोट आए थे। इस जीत के बाद डॉ. चरणजीत सिंह पंजाब की राजनीति में चर्चा का विषय बन गए थे।

टिकट कटने से नाराज चल रहे थे विधायक

डॉ. चरणजीत सिंह के अकाली दल में शामिल होने के पीछे 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों को भी अहम माना जा रहा है। आम आदमी पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए चमकौर साहिब सीट से डॉ. चरणजीत सिंह की जगह जसवीर सिंह गढ़ी को अपना उम्मीदवार बनाया है। बताया जा रहा है कि पार्टी के इस फैसले से डॉ. चरणजीत सिंह नाराज थे। वह काफी समय से पार्टी नेतृत्व से असंतुष्ट चल रहे थे। ऐसे में उनका अकाली दल में शामिल होना AAP के लिए राजनीतिक झटका माना जा रहा है।

2027 के चुनाव से पहले पंजाब में सियासी हलचल

पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में चुनाव से पहले नेताओं का दल बदलना और राजनीतिक समीकरणों में बदलाव महत्वपूर्ण हो सकता है। चमकौर साहिब के विधायक डॉ. चरणजीत सिंह का अकाली दल में जाना इसी राजनीतिक हलचल का हिस्सा है। अब देखना होगा कि उनके पार्टी बदलने का चमकौर साहिब और पंजाब की राजनीति पर क्या असर पड़ता है।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article