शहर

Noida Encounter: नोएडा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बदमाश को दबोचा, चोरी की स्प्लेंडर बरामद

नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा। उसके पास से चोरी की बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद हुए।

Image

नोएडा में पुलिस मुठभेड़ में आरोपी घायल

Photo : Times Now Digital

Noida Police Encounter: नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में गढ़ी गोल चक्कर के पास देर रात पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी की पहचान शुभम उर्फ शिवम उर्फ शुभम राजपूत (28) के रूप में हुई है।

चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़

पुलिस के मुताबिक, देर रात थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार व्यक्ति आते हुए नजर आया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने पुलिस को देख यू-टर्न लेकर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया, तभी उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई।

पुलिस टीम पर फायरिंग का आरोप

पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल गिरने के बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर उसे पकड़ लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा मौके से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी मिला है।

नोएडा और दिल्ली में दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ नोएडा और दिल्ली के अलग-अलग थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article