शादी-ब्याह में गिफ्ट और दहेज को लेकर आपने कई तरह के किस्से सुने होंगे, लेकिन मेरठ से सामने आया एक मामला इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। यहां दूल्हे पक्ष की ओर से थार गाड़ी की मांग किए जाने का आरोप है। ऐसे में लड़की वालों ने भी दूल्हे पक्ष के लोगों को ऐसा जवाब दिया कि अब हर तरफ इसकी चर्चा हो रही है। दरअसल, लड़की वालों ने असली थार की जगह खिलौने वाली थार गाड़ी दूल्हे पक्ष को थमा दी। इतना ही नहीं, इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
मामला उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के ज्ञानपुर गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, ज्ञानपुर निवासी शमशेर के बेटे की सगाई सोलाना गांव में हुई थी। आरोप है कि सगाई के दौरान लड़के पक्ष की ओर से थार गाड़ी की मांग रख दी गई। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि लड़के पक्ष के लोग ज्ञानपुर से शादी की पीली चिट्ठी लेकर लड़की वालों के घर पहुंचे थे। इसी दौरान थार देने की बात भी हुई लेकिन लड़की वालों ने असली गाड़ी देने के बजाय खिलौने वाली थार देने का फैसला कर लिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
रात 10 बजे कैमरे के सामने थमा दी खिलौना थार
अब वायरल वीडियो में जो नजारा दिखता है, वह लोगों को हंसने के साथ-साथ सोचने पर भी मजबूर कर रहा है। वीडियो में लड़की पक्ष का एक शख्स खिलौने वाली थार दिखाते हुए कहता है, 'रात के 10 बज रहे हैं... माशाल्लाह! कौन-सी गाड़ी है? थार है! इनको सगाई में ही, लड़के की शादी से पहले ही दे दी गई। लड़के की शादी तो आगे होगी, लेकिन ये थार समझिए सगाई में ही, विवाह में दे दी गई।' इसके बाद कैमरे के सामने ही शमशेर को खिलौने वाली थार सौंप दी जाती है। लड़की पक्ष का कहना है कि लड़के वालों ने असली थार की मांग की थी, लेकिन उनके पास इतनी महंगी गाड़ी खरीदने के पैसे नहीं हैं इसलिए उन्होंने मांग के जवाब में खिलौना गाड़ी दे दी।
खिलौना थार के बाद टूट गया रिश्ता?
लड़की पक्ष की ओर से दावा किया जा रहा है कि इसी विवाद के बाद सगाई वापस हो गई। यानी जिस रिश्ते में शादी की तैयारियां आगे बढ़नी थीं, वह थार की मांग को लेकर विवाद में उलझ गया। हालांकि, इस पूरे मामले में लड़के पक्ष का क्या कहना है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल खिलौना थार वाला वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है। कुछ लोग लड़की वालों के जवाब को मजेदार बता रहे हैं, तो कुछ लोग शादी में महंगी गाड़ी की मांग करने पर सवाल उठा रहे हैं।
