शहर

Noida Hospital Viral Video: नोएडा जिला अस्पताल में गार्ड भर रहा था इंजेक्शन, बगल में खड़ा स्टाफ देखता रहा तमाशा

Noida Hospital Viral Video: नोएडा सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में एक सुरक्षा गार्ड द्वारा सिरिंज में दवा भरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की मौजूदगी के बावजूद गार्ड को न रोकने पर लोगों ने कार्रवाई की मांग की है।

Noida Hospital Video: उत्तर प्रदेश के हाईटेक शहर नोएडा स्थित सेक्टर-39 के जिला अस्पताल से स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलती एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। अस्पताल परिसर में तैनात एक सुरक्षा गार्ड खुलेआम सिरिंज में इंजेक्शन की दवा भरता नजर आ रहा है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस दौरान गार्ड के पास ही डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी उसे रोकने या टोकने की जहमत नहीं उठाई। घटना का 38 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली और मरीजों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

मेज पर रखे थे इंजेक्शन, गार्ड भर रहा था सिरिंज

वायरल वीडियो करीब 38 सेकेंड का है। इसमें साफ देखा जा सकता है कि एक सुरक्षा गार्ड कुर्सी पर बैठा हुआ है और उसके सामने मेज पर लगभग 15 से 20 इंजेक्शन की शीशियां और उतनी ही संख्या में सिरिंज रखी हुई हैं। गार्ड बेहद सहज अंदाज में एक-एक करके सिरिंज में दवा भरता दिख रहा है। हालांकि, वह किस मरीज के लिए और कितनी मात्रा (Dose) में दवा भर रहा था, यह वीडियो से स्पष्ट नहीं हो पाया है। सिरिंज भरते गार्ड के ठीक आसपास अस्पताल का पैरामेडिकल स्टाफ और डॉक्टर भी चहलकदमी करते दिखाई दे रहे हैं, लेकिन किसी ने भी उसे रोकने की कोशिश नहीं की।

गलत डोज से हो सकता है नुकसान

किसी भी मरीज के लिए सही दवा और उसकी सटीक खुराक तय करना केवल प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ की जिम्मेदारी होती है। यदि कोई अप्रशिक्षित व्यक्ति सिरिंज में दवा भरता है, तो दवा का कंपोजीशन बिगड़ने या मात्रा गलत होने से मरीज की स्थिति बिगड़ सकती है। गलत खुराक या गलत दवा दिए जाने के कारण मरीज की जान पर भी खतरा बन सकता है।

सोशल मीडिया पर गुस्सा, सख्त कार्रवाई की मांग

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। यूज़र्स ने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन को टैग करते हुए इस गंभीर लापरवाही के खिलाफ तुरंत सख्त एक्शन लेने की मांग की है। अस्पताल की इस व्यवस्था पर अब तक प्रबंधन या स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article