शहर

नोएडा में 'फर्जी फ्रेंडशिप क्लब' के नाम पर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, लड़कियों का झांसा देकर लूट लेते थे गाड़ियां

Noida Crime: नोएडा के थाना सेक्टर-24 पुलिस ने 'फर्जी फ्रेंडशिप क्लब' के नाम पर लोगों को जाल में फंसाकर लूटपाट करने वाले एक शातिर गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो पुरुषों, तीन महिलाओं और एक नाबालिग सहित कुल 6 लोगों को हिरासत में लिया है।

Image

नोएडा पुलिस की बड़ी कामयाबी

Photo : Times Now Digital

Noida Crime: नोएडा के थाना सेक्टर-24 पुलिस ने फर्जी फ्रेंडशिप क्लब (Fake Friendship Club Gang Noida) के नाम पर लोगों को जाल में फंसाकर लूटपाट करने वाले एक संगठित गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों और तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई फॉर्च्यूनर कार, वारदात में इस्तेमाल की गई दो कारें और एक अवैध चाकू बरामद किया है।

पुलिस ने आरोपियों को सेक्टर-54 स्थित खरगोश पार्क के पास से ओमवीर यादव, मंजेश यादव, निधि यादव, प्रियंका यादव और काजल उर्फ रिया यादव को गिरफ्तार किया गया। इनके साथ एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ऑनलाइन फर्जी फ्रेंडशिप क्लब चलाकर ग्राहकों को अपने जाल में फंसाते थे। गैंग का एक सदस्य पंकज यादव ग्राहक तलाशता था। इसके बाद महिला सदस्य ग्राहक से संपर्क कर मिलने का झांसा देती थीं।

आरोपी ने क्या बताया?

मुलाकात के दौरान पीड़ित को लड़की दिखाने के बहाने कार में बैठाया जाता था और सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ मारपीट कर लूटपाट की जाती थी। वारदात के समय एक कार में तीन-चार लोग रहते थे, जबकि बाकी साथी दूसरी कार में पीछे-पीछे चलते थे। गिरफ्तार आरोपी ओमवीर ने पूछताछ में बताया कि 30 जून 2026 की रात सेक्टर-54 के पेट्रोल पंप के पास से एक व्यक्ति की फॉर्च्यूनर कार लूटी गई थी।

पहले पीड़ित को स्विफ्ट कार में बैठाया गया, फिर उसका मोबाइल छीनकर मारपीट की गई। आरोपियों ने मोबाइल का लॉक खुलवाकर यूपीआई के जरिए विभिन्न खातों में करीब 18 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद पीड़ित का पर्स और कार की चाबी छीनकर उसकी फॉर्च्यूनर लेकर फरार हो गए।

पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में कर रही छापामारी

पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के दौरान स्विफ्ट कार में ओमवीर, मंजेश, पंकज और निधि मौजूद थे, जबकि दूसरी ऑरा कार में जीतू यादव उर्फ छोटू, रिशु यादव, प्रियंका यादव, काजल उर्फ रिया और अभिषेक यादव सवार थे। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई फॉर्च्यूनर कार, वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट और ऑरा कार तथा एक अवैध चाकू बरामद किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article