नोएडा: जल्द ही शहर की 6 प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण होने वाला है। सेक्टर 117, 118, 119, 120, 121 और 122 में जल्द ही चौड़ी सड़कें, फुटपाथ, स्पीड ब्रेकर, साइनबोर्ड, स्ट्रीट लाइट और अन्य सुविधाएं होंगी। फिलहाल, नोएडा प्राधिकरण ने विकास कार्य शुरू कर दिया है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि ये कार्य काफी लंबे समय से लंबित थे। लगातार मांगों के बाद बुधवार को काम शुरू किया गया। इनके बनने से काफी सहूलियत होगी।
ये भी है मांग
नोएडा हाईराइज फेडरेशन (एनएचआरएफ) के अनुसार, उन्होंने इन मांगों को बार-बार उठाया था। प्राधिकरण के कार्य शुरू करने से जल्द ही समस्याओं से निजात मिलेगा। यहां सड़क की मरम्मत के अलावा सेक्टरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, सफाई कर्मचारियों की पर्याप्त तैनाती, फरीदाबाद, नोएडा और गाजियाबाद की ओर जाने वाली सड़क को चौड़ा करने और निकटतम मेट्रो स्टेशनों के लिए सार्वजनिक परिवहन की भी मांग की गई है। लोगों का कहना है कि ये लंबे समय से लंबित मांगें थीं।
पांच लाख लोगों को फायदा
एनएचआरएफ के पदाधिकारियों ने कहा कि इन छह क्षेत्रों में लगभग 5 लाख लोग रहते हैं और विकास कार्यों से पड़ोसी ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी लाभ होगा। उन्होंने बताया कि अब चौड़ी की जा रही कुछ प्रमुख सड़कों में सेक्टर 122 में यदु पब्लिक स्कूल के पास की संकरी गड्ढों वाली सड़क शामिल है, जो इस सेक्टर को सेक्टर 117, 120, 121 और सरफाबाद सहित अन्य स्थानों से जोड़ने वाली मुख्य सड़क भी है।
