Noida News: नोएडा सेक्टर 70 स्थित बसई गांव में किराये के मकान में रहने दो लोगों की जहरीले धुएं के कारण दम घुटने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर थाना फेज-3 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बसई गांव में किराए पर रहते थे दोनों
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-70 स्थित बसई गांव में किराए के इस बंद पड़े कमरे में 22 साल उपेंद्र और 23 वर्षीय शिवम रहते थे। दोनों छोले-कुलचे और भटूरे की ठेली लगाते हैं। नोएडा सेंट्रल जोन के एसीपी राजीव गुप्ता ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि रात में गैस पर दोनों ने छोले चढ़ाए थे।
पूरे कमरे में धुआं-धुआं हो गया
इसके बाद वह सो गए। पूरी रात गैस जलती रही। इस दौरान छोलों के जलने से कमरे में धुआं भर गया, जिसके कारण पूरे कमरा धुआं-धुआं हो गया। इसके बाद बगल के लोगों ने दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
दम घुटने से मौत की संभावना जताई जा रही है
सेंट्रल जोन के एसीपी का कहना है कि कमरा बंद होने के कारण बंद कमरे में ऑक्सीजन की कमी हो गई और बहुत ज्यादा मात्रा में कार्बन मोनोऑक्साइड पैदा हो गई। इसके चलते दोनों का दम घुटने से मौत की संभावना जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत का कारण पोस्टमार्टम आने के पता चल पायेगा।
