Pilibhit Voter List Row: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले में दो एसडीएम समेत तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मामले में दो एसडीएम और एक कम्प्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
एसआईआर के दौरान वोटर लिस्टम में गड़बड़ी सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। साथ ही, एसडीएम मयंक गोस्वामी को पूरनपुर और हेमंत चौधरी को अमरिया से हटाया गया है, जबकि कम्प्यूटर ऑपरेटर अनिल कुमार की सेवा समाप्त कर दी गई।
वोटर लिस्ट की गहन जांच के निर्देश
दोनों एसडीएम को उनके मौजूदा पदों से हटाकर जिला मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। इस बीच, जिला निर्वाचन अधिकारी को जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों की गहन जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को दो दिनों के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। जांच के दौरान मतदाता सूचियों में संभावित त्रुटियों और अनियमितताओं की पड़ताल की जाएगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: पीलीभीत की मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल; कोर्ट जाने की कर रही तैयारी
क्या है पूरा मामला?
पीलीभीत में मतदाता सूची में गड़बड़ी सामने आने के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सख्त रुख अपनाया है। विधानसभा क्षेत्र 127-पीलीभीत की मतदाता सूची में कुछ मतदाताओं के EPIC नंबर ऑनलाइन सर्च करने पर किसी दूसरे मतदाता का विवरण दिखाई देने की पुष्टि हुई है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से 21 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी, पीलीभीत से मामले की जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में कुछ मतदाताओं के EPIC नंबर को ऑनलाइन सर्च करने पर दूसरे मतदाता का विवरण प्रदर्शित होने की बात सामने आई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा विधानसभा क्षेत्र 127-पीलीभीत के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और VRC ऑपरेटर को तत्काल मतदाता सूची के काम से हटाने के निर्देश दिए गए।
