शहर

दिल्ली में 10 रुपये के फटे नोट को लेकर मारपीट, डिलिवरी ब्वॉय ने जहर खाकर दे दी जान; VIDEO में बयां किया अपना दर्द

Delivery Boy Suicide Case: पूर्वी दिल्ली में फटे नोट को लेकर दो लोगों द्वारा कथित तौर पर मारपीट किए जाने के एक दिन बाद, सामान पहुंचाने वाली कंपनी के 24 वर्षीय प्रतिनिधि ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।

Image

दिल्ली में डिलीवरी ब्वॉय ने की आत्महत्या (फाइल फोटो)

Delivery Boy Suicide Case: पूर्वी दिल्ली में फटे नोट को लेकर दो लोगों द्वारा कथित तौर पर मारपीट किए जाने के एक दिन बाद, सामान पहुंचाने वाली कंपनी के 24 वर्षीय प्रतिनिधि ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि पुलिस ने मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित आरोप भी जोड़ दिया है।

दो आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, समीर हुसैन पर चार अक्टूबर की रात पूर्वी विनोद नगर के दो निवासियों ने कथित तौर पर हमला किया था। हुसैन ने फटा हुआ नोट स्वीकार करने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद दोनों ने उनके साथ मारपीट की। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनकी पहचान 30 वर्षीय राकेश उर्फ बंटी और 65 वर्षीय रामपाल सिंह के रूप में हुई है।

फटे नोट को लेकर मचा बवाल

पुलिस के मुताबिक, चार अक्टूबर को रात 11 बजकर तीन मिनट पर इस घटना के संबंध में पुलिस नियंत्रण कक्ष (PCR) को फोन आया था। हुसैन ने सूचना दी थी कि आरोपियों ने फटे नोट को लेकर उस पर हमला किया है। पुलिस ने बताया कि इसके बाद देर रात हुसैन की चिकित्सकीय-कानूनी रिपोर्ट (MLC) तैयार की गई और उसी दिन कल्याणपुरी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।

समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, बाद में हुसैन ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उन्होंने घटना के बारे में अपना पक्ष बताया था। पुलिस को बाद में सूचना मिली कि हुसैन ने जहरीला पदार्थ खा लिया है और उसे पांच अक्टूबर को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि 20 अक्टूबर को हुसैन की मौत हो गई, जिसके बाद प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 जोड़ दी गई। यह धारा आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article