मुंबई

Thane Fire: भिवंडी इलाके में भंगार गोदाम में लगी भीषण आग, 6-7 दुकानें जलकर राख

Thane Fire: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में भंगार के गोदाम में आग लग गई। आग इतनी विकराल हो गई कि उसकी चपेट में आने से आसपास की 6 से 7 दुकानें जलकर राख हो गई है। मौके पर पहुंचे दमकल अधिकारी आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं।

Image

भिवंडी इलाके में भंगार गोदाम में लगी भीषण आग

Photo : ANI

Thane Fire: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में स्थित भंगार के गोदाम में आग लगने की खबर सामने आई है। यह घटना ठाणे में भिवंडी के खंडू पड़ा इलाके की है। यहां सुबह एक फर्नीचर, होटल, शादी में इस्तेमाल होने वाली लकड़ियों, भंगार के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों द्वारा आग की सूचना प्राप्त करने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू करने की कोशिश शुरू की गई। जानकारी के अनुसार, इस घटना में 6 से 7 दुकानें जलकर राख हो गई है।

भिवंडी में लगी आग में कई दुकानें जलकर राख

जानकारी के मुताबिक, भिवंडी कस्बे के खंडू पड़ा इलाके में भंगार के गोदाम से आग शुरू हुई। देखते ही देखते आग इतनी ज्यादा विकराल हो गई कि उसने अपनी चपेट में तकरीबन 6 से 7 दुकानों को ले लिया। ये दुकानें आग में जलकर राख हो गईं। आग सुबह करीब 4:30 से 5:00 बजे के बीच में लगी थी। आग की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी ज्यादा कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल घटनास्थल पर शांति नगर पुलिस की टीम भी पहुंच गई है।

आतिशबाजी के कारण बना रहता है आग का खतरा

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस इलाके में तीन से चार मैरिज हाल हैं। जब इन मैरिज हॉल पर बारात आती है तो लोग आतिशबाजी करते हैं। आतिशबाजी करना मना है, इसके बावजूद भी लोग नहीं मानते। आतिशबाजी करके लोग तो चले जाते हैं, लेकिन उसका खामियाजा मैरिज हॉल के आसपास के कारोबारियों को भुगतना पड़ता है। गौरतलब है कि लगभग दो साल पहले अंसारी मैरिज हॉल में भीषण आग लगी थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने कहा कि यहां से इस तरह के मैरिज हॉल को हटाया जाए, जिससे रोज आए दिन यहां पर आग लगने का खतरा बना हुआ रहता है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article