नोएडा

नोएडा के इन इलाकों में पहुंचेंगे VVIP मेहमान, लागू रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन; जानें कौन से रास्ते रहेंगे बंद

30 अगस्त को नोएडा फेस-2 में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के VVIP दौरे के चलते यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। कई मार्गों पर अस्थायी रोक रहेगी। आपात सेवाएं चालू रहेंगी। जनता से वैकल्पिक मार्ग अपनाने और धैर्य रखने की अपील की गई है।

Image

शनिवार को नोएडा के कई रास्ते रहेंगे बंद (सांकेतिक तस्वीर)

Photo : Times Now Digital

Noida Traffic Diversion: कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के अंतर्गत आने वाले नोएडा और सेंट्रल नोएडा क्षेत्र में 30 अगस्त 2025 को होने वाले VVIP दौरे के चलते यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू करने का निर्णय लिया है। शनिवार को नोएडा के फेस 2 इलाके में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंच रहे हैं।

इन इलाकों में प्रभावित रहेगा ट्रैफिक

पुलिस द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन अस्थायी रूप से रोका या डायवर्ट किया जाएगा। यातायात पुलिस ने बताया कि जिन मार्गों पर डायवर्जन और विनियमन लागू रहेगा, उनमें प्रमुख रूप से चिल्ला बॉर्डर/डीएनडी, फिल्म सिटी, महामाया फ्लाईओवर, सेक्टर-93 (नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे), एनएसईजेड (डीएससी मार्ग), फेस-2, सेक्टर-81, मॉडल टाउन सेक्टर-62 से सेक्टर-60 अंडरपास और एलिवेटेड रोड से फिल्म सिटी फ्लाईओवर तक का इलाका शामिल है।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था केवल कुछ समय के लिए होगी और इसका मुख्य उद्देश्य VVIP सुरक्षा सुनिश्चित करना है। आम जनता को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की सलाह दी गई है।

आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर

पुलिस ने साथ ही यह भी कहा कि आपातकालीन सेवाओं जैसे एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और पुलिस वाहनों को बिना किसी रुकावट के उनके गंतव्य तक पहुंचने दिया जाएगा। यातायात विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे इस दौरान धैर्य बनाए रखें और अनावश्यक रूप से प्रभावित मार्गों पर जाने से बचें। यदि किसी को यातायात संबंधी समस्या या आपात स्थिति का सामना करना पड़ता है तो वह तुरंत यातायात हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क कर सकता है।

VVIP मेहमानों की सुरक्षा के इंतजाम

गौरतलब है कि नोएडा के फेस-2 इलाके में शनिवार के दिन केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंच रहे हैं। यहां पर एक ड्रोन बनाने वाली कंपनी का दौरा करेंगे, जिसके लिहाज से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां पूरी करने में पुलिस कमिश्नरेट जुटा हुआ है।

इनपुट-आईएएनएस

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article